मुख्यमंत्री ने किया राजस्व कानून एवं प्रक्रिया पर पुस्तकों का विमोचन
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
शिमला , 29 Jan 2013
Last updated on: Jan 29, 2013, 00:00 IST
मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने गत सायं यहां सेवानिवृत्त आई.ए.एस अधिकारी श्री आई.एस. चंदेल द्वारा राजस्व कानून एवं प्रक्रिया पर लिखित तीन पुस्तकों- रेवेन्यू कोड वॉल्यूम-एक, दो व तीन का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने श्री चंदेल के प्रयास की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि राजस्व कानून एवं प्रक्रिया पर प्रकाशित पुस्तकों का यह संग्रह लोगों, विशेषकर व्यावसायियों के लिए काफी मददगार साबित होंगी।आई.एस. चंदेल लगभग 34 वर्ष तक हिमाचल प्रदेश के राजस्व विभाग में कार्यरत रहे। उन्होंने प्रदेश सरकार के दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों- हि.प्र. भू-नियमावली और हि.प्र. भू अभिलेख नियमावली का संकलन भी किया जिससे भू-अभिलेख के कम्प्यूट्रीकरण को बढ़ावा मिला और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में भी सुधार हुआ। रेवेन्यू कोड वोल्यूम-1 में 31 अगस्त, 2012 तक संशोधित हिमाचल प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम की व्याख्या की गई है। इसमें सरकार की अधिसूचनाओं, निर्देशों, मुस्लिम कानून और उत्तराधिकार सम्बन्धी कानूनों आदि की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। दूसरे संस्करण में 31 अगस्त, 2012 तक संशोधित हिमाचल प्रदेश काश्तकारी भू-सुधार अधिनियम, 1972 और हिमाचल प्रदेश भूमि नियमों का वर्णन किया गया है। तीसरे संस्करण को विशेषकर विधि के छात्रों के लिए संकलित किया गया है, जिसमें हिमाचल प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम और हिमाचल प्रदेश के स्थानीय कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई है।