बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी
Web Admin
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली , 12 Jun 2014
Last updated on: Jun 12, 2014, 00:00 IST
कांग्रेस ने गुरुवार को भी बिजली कटौती के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन को जारी रखा और शहर के लोगों के लिए तत्काल राहत की मांग की। दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और दक्षिण दिल्ली के खानपुर के निवासियों ने विरोध-प्रदर्शन किया और बिजली वितरण करने वाली कंपनियों के खिलाफ नारे लगाए।लवली ने कहा, "हमारे 15 साल के शासनकाल में दिल्ली में कभी बिजली संकट नहीं हुई। यह स्वीकार करने योग्य नहीं है। हम दिल्ली के लोगों के लिए तत्काल राहत की मांग करते हैं।"बीते कई दिनों से दिल्ली के अलग-अलग भागों में अनियमित बिजली और पानी आपूर्ति के खिलाफ कांग्रेस का गुस्सा भड़क रहा है। बुधवार को कांग्रेस के विधायक जय किशन सिंह ने कई निवासियों के साथ उत्तरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में धरना दिया। 30 मई को आई आंधी के बाद दिल्ली में विद्युत प्रसार की कई लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं थी, जिसके बाद से गरमी झेल रहे शहर को अनियमित और लंबी बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।