Tuesday, 28 July 2026

 

 

खास खबरें टूटी सड़कों ने खरड़ की ट्रैफिक व्यवस्था का दम घोंटा, स्थानीय कारोबार को पहुंचाया भारी नुकसान: खेड़ा पेपर लीक के दोषियों को पुरस्कृत करने वाले, पेपर लीक की जांच रुकवाने वाले मुख्यमंत्री हैं सुक्खू : जयराम ठाकुर पांच वर्षों में सीबीएसई स्कूल राज्य के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में होंगे शामिल: सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भारतीय सिनेमा की सदाबहार आइकन रेखा इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में होंगी गेस्ट ऑफ ऑनर देवशयनी आषाढ़ी एकादशी पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं देवशयनी एकादशी पर बाबा महाकाल का वैष्णव तिलक लगाकर अद्भुत शृंगार, चार महीने शिव करेंगे सृष्टि का संचालन अषाढ़ी एकादशी : सीएम फडणवीस और मुंबई की मेयर ने मंदिर में की पूजा-अर्चना, कई अन्य नेताओं ने दी शुभकामनाएं देहरादून में 'रन फॉर कारगिल हीरोज' मैराथन को सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी, शहीदों को दी श्रद्धांजलि बरसात के मौसम में हल्का भोजन करना फायदेमंद, तला-भुना, मसालेदार खाने से बचें बाहरी दुनिया के शोर से पाएं मुक्ति, अपनाएं कर्णपीड़ासन और बढ़ाएं मानसिक एकाग्रता दोस्ती, मस्ती और गहराई का अनूठा संगम है 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' का संगीत: शंकर महादेवन 'द केरल स्टोरी' की सफलता के बाद बदली अदा शर्मा की किस्मत, बोलीं- 'अब मिल रहे हैं अच्छे किरदार' पटना में ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन, सीएम बोले- अब बेहतर इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे, सीएम बोले- 'जनता की सरकार, हम हैं आपके सेवक' यूएसआईएसपीएफ ने लॉन्च की 'वी द पीपल–250 वॉयसेज' कॉफी टेबल बुक कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारत की रूपा, पिंकी ने टाईब्रेक में टोंगा को हराकर बाउल्स में लगातार तीसरी जीत दर्ज की फिल्म के लिए खुद पर बहुत काम करना पड़ा था : सानवी तलवार भारत का 'अनूठा रिकॉर्ड', टी20 में ऐसा करने वाला पहला देश बना देवशयनी एकादशी 2026: सीएम योगी सहित कई राज्य के मुख्यमंत्रियों ने लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जालौन के पिछड़ेपन के जिम्मेदार अब घड़ियाली आंसू बहाकर युवाओं को गुमराह कर रहे: सीएम योगी मुजफ्फरपुर में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत, एक ने तैरकर बचाई जान

 

पांच वर्षों में सीबीएसई स्कूल राज्य के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में होंगे शामिल: सुखविन्द्र सिंह सुक्खू

हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के लिए आदर्श वातावरण: मुख्यमंत्री

Sukhvinder Singh Sukhu, Thakur Sukhvinder Singh Sukhu, Himachal Pradesh, Himachal, Himachal Congress, Chief Minister of Himachal Pradesh, Himachal News, Latest Himachal News
Listen to this article

Gurpreet Singh

Gurpreet Singh

5 Dariya News

शिमला , 28 Jul 2026

Last updated on: Jul 28, 2026, 15:41 IST

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध सरकारी विद्यालय आगामी पांच वर्षों में राज्य के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों के रूप में उभरेंगे। मुख्यमंत्री ने आज शिमला स्थित बिशप कॉटन स्कूल (बीसीएस) के स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के समान अवसर प्रदान करना है। 

इसी दृष्टिकोण के तहत सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम शुरू किया गया है तथा 156 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और सरकारी विद्यालयों में 24,000 से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के आदर्श केन्द्र के रूप में स्थापित हो रहा है क्योंकि यहां के शैक्षणिक वातावरण में विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए श्रेष्ठ अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिशप कॉटन स्कूल केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि उत्कृष्टता, नेतृत्व, अनुशासन और चरित्र निर्माण की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। 

इस संस्थान ने पीढ़ियों से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की एक मिसाल कायम की है। उन्होंने इस संस्थान से जुड़े व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन के दौरान बिशप कॉटन स्कूल में वे कई बार क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आए थे, इसलिए इस विद्यालय से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। 

उन्होंने कहा कि जब भी शिमला के प्रतिष्ठित संस्थानों की बात होती है, तो बिशप कॉटन स्कूल का नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। इस विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर केवल विद्यालय की स्थापना का उत्सव नहीं है, बल्कि उन शाश्वत मूल्यों को स्मरण करने का भी अवसर है जिन पर इस महान संस्थान की नींव रखी गई थी। उन्होंने कहा कि समय परिवर्तनशील है और बदलते समय के साथ-साथ नित नई  तकनीकें विकसित हो रही हैं। 

वर्तमान में ईमानदारी, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और सेवा जैसे मूल्यों की प्रासंगिकता बढ़ी है। यही गुण असाधारण व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल सफलता प्राप्त करने का लक्ष्य न रखें, बल्कि ऐसे व्यक्तित्व का निर्माण करें जो समाज में सार्थक परिवर्तन ला सके। 

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज, प्रदेश और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिए, यही हमारा ध्येय होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की मजबूत नींव पर प्रगतिशील समाज का निर्माण होता है।

इसी संकल्पना के साथ वर्तमान राज्य सरकार ने शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कुछ लोगों का विशेषाधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हिमाचल प्रदेश ने 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य बनने का ऐतिहासिक गौरव प्राप्त किया है। 

यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार ने  महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। 

उन्होंने कहा कि असर रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल प्रदेश के बच्चों ने देश में पढ़ने की सर्वश्रेष्ठ क्षमता का प्रदर्शन किया है। परख मूल्यांकन में प्रदेश ने वर्ष 2021 में 21वें स्थान से उल्लेखनीय सुधार करते हुए देश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों में स्थान बनाया है। 

इसी प्रकार, शिक्षा मंत्रालय के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में प्रदेश सात स्थान की छलांग लगाकर राष्ट्रीय स्तर पर छठा स्थान हासिल किया है। ये उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार केवल शिक्षा की पहुंच बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने विद्यालय के संस्थापक बिशप जॉर्ज एडवर्ड लिंच कॉटन की स्मृति में बने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा विद्यालय का ध्वज फहराया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय के विद्यार्थियों के माउंटेनियरिंग अभियान-2026 को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

यह अभियान 28 जुलाई से 8 अगस्त तक लेह-लद्दाख में माउंट यालुंग नोंग (6090 मीटर) तक आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में विद्यालय के विद्यार्थी अमोद तलवलकर, लालदिनजुआला, अल्तमाश नोमानी, तेनजिन त्सेवांग, मनराज सिंह ग्रोवर तथा अमन अग्रवाल भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के ओएसडी सौरभ चौहान, विद्यालय के बोर्ड सदस्य मानव सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य मैथ्यू पी. जॉन, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Tags: Sukhvinder Singh Sukhu , Thakur Sukhvinder Singh Sukhu , Himachal Pradesh , Himachal , Himachal Congress , Chief Minister of Himachal Pradesh , Himachal News , Latest Himachal News

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD