पंजाब सरकार के शिक्षा क्रांति अभियान को मजबूती प्रदान करते हुए विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने शुक्रवार को सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे मंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा की छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना पंजाब सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्कूल बैग वितरित करने जैसी पहल न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करती है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई संसाधनों की कमी के कारण प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव किए हैं। शिक्षा क्रांति अभियान के तहत सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाया गया है, स्मार्ट क्लासरूम, बेहतर फर्नीचर, स्वच्छ वातावरण और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही शिक्षकों के प्रशिक्षण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विधायक जिंपा ने कहा कि सरकारी स्कूलों में लगातार बढ़ रही सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक माहौल के कारण अभिभावकों का विश्वास भी मजबूत हुआ है तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी सरकारी स्कूलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब सरकार के शिक्षा सुधारों का लाभ आने वाले वर्षों में और अधिक देखने को मिलेगा तथा प्रदेश के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
इस अवसर पर पार्षद बलविंदर कतना, पार्षद जगविंदर सिंह, प्रिंसिपल राजन अरोड़ा, विशाल शर्मा, यूथ कोर्डिनेटर प्रितपाल सिंह के अलावा अध्यापकगण, स्कूल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थी।