पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ परिसर में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 माननीय श्री न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्रा, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, के संरक्षण में तथा माननीय श्री न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी एवं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के अन्य माननीय न्यायाधीशों की उपस्थिति में मनाया गया।
इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रही, जो विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों सहित जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक स्वास्थ्य और समग्र जीवन गुणवत्ता को बढ़ावा देने में योग के महत्व को रेखांकित करती है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के आयुष मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में माननीय न्यायाधीशों, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के सदस्यों तथा उच्च न्यायालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को भारत की प्राचीन विरासत की अमूल्य धरोहर योग के असीम लाभों से अवगत कराया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। योग का नियमित अभ्यास लचीलापन, शक्ति, एकाग्रता और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है तथा तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने में भी सहायक है।प्रतिभागियों को शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए यह रेखांकित किया गया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि एक ऐसी जीवनशैली है जो आंतरिक शांति, आत्मानुशासन तथा समाज और प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव की भावना को विकसित करती है। आज के तेज़-रफ्तार और चुनौतीपूर्ण परिवेश में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने तथा दैनिक चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक दृढ़ता विकसित करने का एक प्रभावी साधन है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को विश्वभर में मनाया जाता है। इस वर्ष भी देशभर में इसे बड़े उत्साह के साथ मनाया गया, जिसका उद्देश्य योग के महत्व के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग अपनाने के लिए प्रेरित करना है।पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन योग के माध्यम से स्वास्थ्य, कल्याण और जन-हित को बढ़ावा देने के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता का पुनर्पुष्टि करता है।