भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आज कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के कई नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भगवंत मान को श्री अकाल तख्त साहिब से टकराव नहीं करना चाहिए, क्योंकि जितने लोगों ने भी ऐसा किया, उनका कुछ भी नहीं बचा।
सरदार ढिल्लों ने कहा कि भगवंत मान को अकाल तख्त साहिब के फैसले के खिलाफ बयानबाजी करने या टकरावपूर्ण रवैया अपनाने के बजाय एक सच्चे सिख के रूप में वहां उपस्थित होकर अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और पंथ से माफी मांगनी चाहिए।उन्होंने पंजाब सरकार के नानक नाम लेवा मंत्रियों, आईएएस अधिकारियों तथा सरकार में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि जब तक श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा भगवंत मान को माफ नहीं किया जाता, तब तक वे अकाल तख्त साहिब के आदेशों का पालन करते हुए उनके साथ कोई बैठक, बातचीत या किसी अन्य प्रकार का संपर्क न रखें।
एक सवाल के जवाब में, जिसमें भगवंत मान द्वारा संबंधित वीडियो को अपना न होने का दावा किया गया था, सरदार ढिल्लों ने कहा, "क्या कोई चोर खुद स्वीकार करता है कि उसने चोरी की है?" इस अवसर पर पटियाला से शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और चार बार पार्षद रह चुके सुखविंदर पाल सिंह मिंटा तथा उनकी पत्नी हरप्रीत कौर भाजपा में शामिल हो गए।
सुखविंदर पाल सिंह मिंटा दो बार और हरप्रीत कौर दो बार पार्षद रह चुके हैं। मिंटा वर्तमान में शिरोमणि अकाली दल के राज्य पीएसी सदस्य के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं।इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुरबिंदर सिंह अटवाल के पुत्र राजपाल अटवाल ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।
गुरबिंदर सिंह अटवाल पंजाब सरकार में मंत्री रह चुके हैं और नूरमहल विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक भी चुने गए थे।