भारतीय जनता पार्टी पंजाब के स्टेट मीडिया हेड एवं खरड़ विधानसभा के मुख्य सेवादार विनीत जोशी ने कहा है कि खरड़ से आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान की तस्वीरों और वीडियो में एक ऐसा व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जिसके खिलाफ नशा तस्करी तथा प्रतिबंधित खैर के पेड़ों की तस्करी से जुड़े विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज रहे
उन्होंने कहा कि इससे यह गंभीर आशंका उत्पन्न होती है कि ऐसे तत्वों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त हो सकता है, जिसके कारण क्षेत्र में नशे और अवैध तस्करी जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। यह स्थिति मुख्यमंत्री भगवंत मान की नशा-विरोधी मुहिम और अरविंद केजरीवाल द्वारा घोषित ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है।
जोशी ने कहा कि विधायक अनमोल गगन मान को सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करना चाहिए कि जिन व्यक्तियों के खिलाफ इस प्रकार के गंभीर आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं, उनके साथ उनकी निकटता क्यों दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा स्वयं अपने सोशल मीडिया मंचों पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में उक्त व्यक्ति दिखाई दे रहा है।
सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि ये तस्वीरें और वीडियो अप्रैल 2025 में दर्ज मामले के बाद के बताए जा रहे हैं, जिससे स्वाभाविक रूप से जनता के मन में अनेक प्रश्न उत्पन्न होते हैं। जोशी ने कहा कि तहसील खरड़ के गांव मसोल के सरपंच बिंदर सिंह के खिलाफ 17 अप्रैल 2025 को दर्ज एक एफआईआर में उसे कथित रूप से भूकी सहित गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने कहा कि इस मामले में वह जेल भी गया तथा बाद में जमानत पर रिहा हुआ। इसके पश्चात 5 जून 2026 को दर्ज एक अन्य एफआईआर के अनुसार पुलिस ने उसे संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया, जहां डोप टेस्ट में उसके पॉजिटिव पाए जाने की बात सामने आई। जोशी ने आगे कहा कि जनवरी 2022 में लुधियाना के मेहरबान थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 6 में भी बिंदर सिंह का नाम कथित रूप से खैर के कटे हुए पेड़ों की तस्करी से जुड़े मामले में सामने आया था।
इसके अतिरिक्त, हरियाणा के कालका क्षेत्र में भी उसके खिलाफ इसी प्रकार के मामलों में नाम सामने आने की चर्चाएं रही हैं। उन्होंने मांग की कि आम आदमी पार्टी और विधायक अनमोल गगन मान इस पूरे मामले पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण दें तथा नशे के खिलाफ अपनी वास्तविक प्रतिबद्धता को जनता के समक्ष स्पष्ट करें।