फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को कैलीफोर्निया में कतर और स्विट्जरलैंड के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। स्टॉपेज टाइम में बौलेम खोउखी द्वारा किए गए गोल की बदौलत कतर इस टूर्नामेंट में विदेशी धरती पर अपना पहला प्वाइंट अर्जित करने में सफल रहा। मैच की शुरुआत से ही स्विट्जरलैंड ने आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।
टीम को मैच के 17वें मिनट में बढ़त मिली, जब कतर के डिफेंडर महमूद अबुनाडा ने पेनल्टी बॉक्स के अंदर रेमो फ्र्यूलर को गिरा दिया। रेफरी ने तुरंत पेनल्टी दी और स्टार स्ट्राइकर ब्रील एम्बोलो ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर स्विट्जरलैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में स्विट्जरलैंड ने लगातार हमले किए और कई मौके बनाए।
डैन नडोये ने कतर के डिफेंस को लगातार परेशान किया, जबकि मिशेल एबिस्चर भी गोल करने के बेहद करीब पहुंचे। हालांकि, कतर के खिलाड़ियों ने भी कुछ अच्छे काउंटर अटैक किए। एडमिल्सन जूनियर को शुरुआती मिनटों में बराबरी का शानदार मौका मिला, लेकिन उनके प्रयास को गोलकीपर ग्रेगर कोबेल ने विफल कर दिया।
हाफ टाइम से पहले भी एडमिल्सन की एक और कोशिश को कोबेल ने नाकाम किया। दूसरे हाफ में खेल की रफ्तार कुछ धीमी रही, लेकिन स्विट्जरलैंड लगातार बढ़त बनाए रखने में सफल रहा। मैच के आखिरी चरण में जुआन वर्गास और एम्बोलो के पास स्कोर 2-0 करने के मौके आए, लेकिन दोनों खिलाड़ी उन्हें भुना नहीं सके।
ये चूके हुए मौके स्विट्जरलैंड को अंत में महंगे साबित हुए। जब लग रहा था कि स्विट्जरलैंड इस मुकाबले को आसानी से अपने नाम करने में सफल रहेगा, तभी इंजरी टाइम के चौथे मिनट में कतर ने शानदार वापसी की। होमम अहमद ने बाईं ओर से बेहतरीन क्रॉस दिया, जिस पर बौलेम खोउखी ने ऊंची छलांग लगाकर जोरदार हेडर लगाया।
गेंद गोलकीपर कोबेल के ऊपर से निकलकर गोल पोस्ट में पहुंच गई और स्कोर 1-1 से बराबर हो गया। इस गोल के साथ ही कतर ने वर्ल्ड कप में विदेशी जमीन पर अपना पहला अंक हासिल कर इतिहास रच दिया। स्विट्जरलैंड के लिए यह मैच निराशाजनक रहा, क्योंकि टीम पूरे मुकाबले में हावी रहने के बावजूद जीत नहीं दर्ज कर सकी।
हालांकि, ड्रॉ पर खत्म हुए इस मुकाबले में स्विट्जरलैंड के अनुभवी खिलाड़ी रिकार्डो रोड्रिगेज और ग्रैनिट जाका बड़ी उपलब्धि हासिल की। इन दोनों खिलाड़ियों ने फीफा वर्ल्ड कप में अपना 13वां मुकाबला खेला। ड्रॉ के बावजूद कतर के लिए यह नतीजा किसी जीत से कम नहीं रहा। इस ऐतिहासिक अंक ने टीम की अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदों को जीवित रखा है और वर्ल्ड कप इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ दिया है।