प्रशासक की खेल सलाहकार परिषद की स्थायी समिति की 14वीं आंतरिक बैठक आज 22 अप्रैल 2026 को सेक्टर-42 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सम्मेलन कक्ष में श्री संजय टंडन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में श्री सौरभ कुमार अरोड़ा, पीसीएस, श्री शिव सिंह (बॉक्सिंग कोच) तथा चंडीगढ़ के 18 विभिन्न खेल संघों—जिनमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग आदि शामिल हैं—के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान निदेशक खेल, श्री सौरभ कुमार अरोड़ा, पीसीएस ने विभाग की प्रमुख पहलों एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लंबित नकद पुरस्कार एवं खेल छात्रवृत्तियों का सफलतापूर्वक वितरण किया गया है। वर्ष 2023-24 के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2024-25 के लिए 2.5 करोड़ रुपये की राशि पात्र खिलाड़ियों को वितरित की जा चुकी है।
इस अवसर पर श्री संजय टंडन ने सुझाव दिया कि खेल कैलेंडर वर्ष समाप्त होते ही खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार एवं छात्रवृत्ति प्रदान करने के प्रयास किए जाएं, ताकि खिलाड़ी समय पर इसका लाभ उठा सकें। साथ ही, लाभार्थियों की खेलवार सूची भी सभी खेल संघों के साथ साझा की गई तथा खिलाड़ियों को इस वित्तीय सहायता का रचनात्मक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
निदेशक खेल ने पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान पूर्ण किए गए बुनियादी ढांचा विकास कार्यों की जानकारी भी दी, जिनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्नूकर एवं बिलियर्ड्स हॉल, सेक्टर-8 एवं सेक्टर-39 में शतरंज केंद्र तथा सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम के खेल मैदान का उन्नयन शामिल है। उन्होंने वर्ष 2026-27 के लिए विभाग की विजन योजना का भी उल्लेख किया, जिसके अंतर्गत सेक्टर-18 हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रो-टर्फ की स्थापना, सेक्टर-42 में सिक्स-ए-साइड हॉकी ग्राउंड का निर्माण, सभी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा सेक्टर-7 के सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक एवं सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम की प्रकाश व्यवस्था का उन्नयन प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि यह सभी पहलें माननीय प्रशासक के चंडीगढ़ को ‘स्पोर्ट्स हब’ के रूप में विकसित करने के विजन के अनुरूप हैं। खेल विभाग की इन पहलों की उपस्थित सभी संघों के प्रतिनिधियों द्वारा सराहना की गई। इसके उपरांत, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं एवं सुझावों को रखने का अवसर दिया गया।
उन्होंने माननीय प्रशासक एवं खेल सलाहकार परिषद के अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया कि उनके द्वारा पूर्व में रखी गई प्रमुख मांगों को पूरा किया गया है। संघों के सदस्यों ने खेल अवसंरचना में सुधार, कोचों के रिक्त पदों को भरने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार एवं छात्रवृत्ति वितरण तथा खिलाड़ियों को सेवाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खेल विभाग एवं चंडीगढ़ प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।
खेल संघों के सदस्यों ने विभाग की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उन्नत किया जाए, ताकि चंडीगढ़ में प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव हो सके। बैठक का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ तथा सभी हितधारकों के सहयोग से खेल अवसंरचना, नीतिगत ढांचे एवं समन्वय को और सुदृढ़ कर चंडीगढ़ में खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।