शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज कहा है कि अकाली दल की अगली सरकार पवित्र शहर तलवंडी साबो को श्री अमृतसर साहिब की तर्ज पर विकसित करेगी और साथ ही इसे ‘‘ गुरु की काशी’’ के अनुरूप इसे शैक्षणिक केंद्र भी बनाएगी। आज यहां पंजाब बचाओ अभियान के तहत हलका इंचार्ज रविप्रीत सिंह सिद्धू के साथ एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस और मौजूदा आम आदमी पार्टी दोनों सरकारों के दौरान इस हलके की अनदेखी की है ।
उन्होने कहा,‘‘ पार्टी की सरकार बनने के बाद हम इस ऐतिहासिक जगह का भाग्य बदल देंगें।’’अकाली दल अध्यक्ष ने तलवंडी साबो हलके के मतदाताओं से विधानसभा चुनाव 2027 में रविप्रीत को जिताने का आग्रह किया।आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब को बर्बादी के रास्ते पर लेकर जा रही, यह कहते हुए सरदार बादल ने कहा कि आप पार्टी के मंत्रियों द्वारा अधिकारियों और कारोबारियों को डराने-धमकाने के लिए गैंगस्टरों का इस्तेमाल करने की घटनाएं सामने आने के बाद व्यापार और उद्योग के साथ-साथ आम आदमी का भरोसा आप पार्टी पर से बुरी तरह टूट गया है।
उन्होने कहा,‘‘ पहले मंत्री लालजीत भुल्लर ने एक काबिल अधिकारी को आत्महत्या करने पर मजबूर किया और अब एक और मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां सरेआम गैंगस्टरों का इस्तेमाल करके व्यापारियों को डरा-धमका रहा है।’’यह कहते हुए कि अगली अकाली दल सरकार किसी को भी नही बख्शेगी सरदार बादल ने कहा कि चाहे वह मुंडियां हो यां मुख्यमंत्री भगवंत मान, जिन्होने गृहमंत्री रहते हुए कुख्यात गैंगस्टर जग्गु भगवानपुरिया को तरनतारन उपचुनाव में इस्तेमाल करने के लिए असम की जेल से पंजाब में तबादला करवाया था, इसके लिए आम आदमी नेताओं को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
अकाली दल अध्यक्ष ने पंजाब बचाओ अभियान की रैलियों को अभूतपूर्व समर्थन देने के लिए पंजाबियों को धन्यवाद दिया। आज 40 रैलियेां के बाद इस अभियान का पहला चरण आज सम्पन्न हुआ है। उन्होने पंजाबियों से केंद्रीय एजेंसियों से सावधान रहने की भी चेतावनी दी जो निकट भविष्य में अकाली दल को कमजोर करने के लिए पंजाब की राजनीति में तथाकथित पंथक लोगों को बढ़ावा दे सकती है।
पंजाब के लिए अपनी सोच बताते हुए सरदार बादल ने कहा कि सरकारी नौकरियां केवल पंजाबियों को ही दी जाएंगी, जबकि आम आदमी पार्टी सरकार ने नौकरियां बाहरी लोगों को दी। उन्होने नौजवानों को 10 लाख रूपये का ब्याज मुक्त कर्जा और पशुपालन फार्म खोलने के लिए 75 फीसदी सब्सिडी देने की भी घोषणा की।अकाली दल अध्यक्ष ने बताया कि अगली अकाली दल सरकार वल्र्ड स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी, जिससे सालाना एक लाख नौजवानों को कौशल मिलेगा और हर जिले में इसके केंद्र स्थापित किए जाएंगें।
उन्होने आटा-दाल योजना लागू करने और बुढ़ापा पेंशन को बढाकर 3100 रूपये प्रति माह और शगुन भत्ता को बढ़ाकर 1 लाख रूपये करने की भी घोषणा की। उन्होने घोषणा की कि अकाली दल के सत्ता में आने के बाद राजस्थान नहर को बंद कर दिया जाएगा।बठिंडा सांसद बीबा हरसिमरत कौर बादल ने बताया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने किसानों को उनकी तबाह हुई फसलों के मुआवजे से इंकार करके धोखा दिया है।
वरिष्ठ नेता सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने कारोबारी मलकीत सिंह के साथ एकजुटता व्यक्त की, जिन्हें मंत्री हरदीप मुंडियां द्वारा प्रताड़ित और परेशान किया गया यहां तक कि उनके साथ दुव्र्यवहार भी किया गया। पीड़ित परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए सरदार मजीठिया ने कहा कि पार्टी परिवार के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेगी।इस अवसर पर वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भूंदड़, जनमेजा सिंह सेखों और सिकंदर सिंह मलूका ने भी संबोधित किया।