युवा सेवा एवं खेल विभाग की आयुक्त सचिव यशा मुद्गल ने विभागीय प्रदर्शन, युवाओं की भागीदारी रणनीतियों और जम्मू-कश्मीर में खेल एवं सह-पाठयक्रम विकास को मजबूत बनाने के लिए भविष्य की पहलों की समीक्षा हेतु निदेशालय की विस्तृत बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान आयुक्त सचिव ने विभाग की चल रही गतिविधियों का जायज़ा लिया और युवा सेवा एवं खेल के महानिदेशक को पूरे वर्ष विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डेटा-आधारित योजनाओं की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में प्रत्येक खेल में नामांकित छात्रों की संख्या दर्ज करने के लिए एक व्यापक प्रारूप तैयार किया जाए, जिससे अंतराल विश्लेषण और लक्षित हस्तक्षेपों में सुविधा हो सके।
युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महानिदेशक वाईएसएस को निर्देश दिया गया कि वे जम्मू-कश्मीर में युवाओं की खेलों में भागीदारी दर की तुलना राष्ट्रीय औसत से करें और विशेष रूप से उन राज्यों की सर्वोत्तम प्रथाएँ अपनाएँ जहाँ खेलों में बालिकाओं की अधिक नामांकन दर है, ताकि खेल क्षेत्र में लैंगिक-समान विकास सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में महानिदेशक वाईएसएस ने निदेशालय के कार्यकलापों पर एक विस्तृत पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। विभाग की मौजूदा छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त सचिव ने महानिदेशक को खिलाड़ियों और पदक विजेता छात्रों के लिए छात्रवृत्ति बढ़ाने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा सके।
साथ ही, उन्होंने विद्यालय परिसरों में उपलब्ध बाधारहित भूमि की पहचान कर वहाँ जोनल मिनी-स्टेडियम विकसित करने पर भी बल दिया। प्रतिभा खोजने की दिशा में महानिदेशक को केंद्र शासित प्रदेश में टैलेंट हंट आयोजित करने के निर्देश दिए गए ताकि जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को खोजा और संवारा जा सके।
इसके अतिरिक्त, विभाग को युवा सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया, जिसमें सह-पाठयक्रम गतिविधियों सहित प्रदर्शन कलाओं को समाहित किया जाएगा। मानव संसाधन संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए निर्देश दिया गया कि वरिष्ठता सूची को अपडेट किया जाए तथा समय पर डीपीसी आयोजित हों।
सेवा मामलों से संबंधित एसआरओ-43, आरएएस और आरडीए मामलों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए। साथ ही, कर्मियों का मनोबल और उत्पादकता बढ़ाने के लिए श्रेष्ठ कर्मचारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित करने का प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा गया।
पर्यटन और खेलों के समन्वय पर ध्यान केंद्रित करते हुए आयुक्त सचिव ने विभाग को भद्रवाह को विंटर स्पोट्र्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने, विशेषकर स्कीइंग खेल में, संभावनाएँ तलाशने के निर्देश भी दिए। बैठक का समापन युवाओं के सशक्तिकरण, समावेशी विकास तथा जम्मू-कश्मीर में खेल उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
बैठक में निदेशक जनरल वाईएसएस, विशेष सचिव वाईएसएस, निदेशक वित्त वाईएसएस, संयुक्त निदेशक वाईएसएस जम्मू, अतिरिक्त सचिव वाईएसएस, उप निदेशक (केंद्रीय), उप निदेशक (योजना) और विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।