डिप्टी कमिश्नर पटियाला डॉ. प्रीति यादव ने आज एन.जी.ओ 'पटियाला अवर प्राइड' द्वारा शीश महल (केसर बाग) के पास विकसित की गई गुरु नानक बागीची का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्था के समाजसेवियों सी. एम. कोड़ा, एच. पी. एस. लाम्बा, अशोक वर्मा, कर्नल करमिंदर सिंह, प्रो. जसवीर सिंह और राज कुमार गोयल के साथ बैठक कर ग्रीन ज़ोन के विस्तार हेतु अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करवाने की सहमति व्यक्त की।
समाजसेवियों ने अवगत कराया कि 15 जुलाई 2024 को इस बागीची में पौधारोपण के माध्यम से पटियाला को हराभरा और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल की शुरुआत की गई थी। लगभग 1 एकड़ (87 फीट × 500 फीट) क्षेत्र में मियावाकी तकनीक से 500 से अधिक पौधे रोपे गए हैं।
इस प्रयास की सराहना करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि ऐसे जन सहयोग से ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक बेहतर, हरित और स्वस्थ पटियाला की नींव रखी जा रही है। डॉ. प्रीति यादव ने बताया कि इस बागीची में नीम, गुड़हल, करी पत्ता, आम और जामुन सहित देसी प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, जो स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक हैं।
उन्होंने कहा कि पौधों की संख्या बढ़ाकर बागीची का क्षेत्र और भी विस्तारित किया जाएगा। समाजसेवियों ने डिप्टी कमिश्नर का आभार जताते हुए आश्वस्त किया कि वे पटियाला को हरित और स्वच्छ बनाए रखने हेतु अपना सक्रिय योगदान जारी रखेंगे।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी गुरमंप्रीत सिंह, रेंज अधिकारी सवर्ण सिंह और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।