नगर निगम पटियाला के चुनावों के लिए ऑब्जर्वर और सहकारिता विभाग की सचिव आनंदिता मित्रा ने आज रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा नामांकन की जांच के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। आज शाम यहां डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव, एसपी सिटी मुहम्मद सरफराज आलम, एडीसी ग्रामीण विकास अनुप्रिता जौहल और सभी वार्डों के चारों रिटर्निंग अधिकारियों के साथ बैठक में आनंदिता मित्रा ने राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
चुनाव प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और बाधारहित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए गए सभी चुनाव प्रबंधों का वार्डवार जायजा लेते हुए चुनाव ऑब्जर्वर ने कहा कि मतदान की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और सीसीटीवी फुटेज का डेटा सुरक्षित रखा जाए।
उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को मतदान के दिन वेबकास्टिंग के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों द्वारा की जा रही सारी वीडियोग्राफी पर राज्य चुनाव आयोग की नजर रहेगी और यह सारा डेटा चुनाव आयोग के क्लाउड में सुरक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईवीएम से किसी भी छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आनंदिता मित्रा ने रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निपटारा तुरंत किया जाए और संबंधित डीएसपी से तालमेल करके पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर लिया जाए। राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंट अपने बूथ पोलिंग स्टेशन से 100 मीटर दूर तंबू लगाएंगे।
उन्होंने चुनाव स्टाफ की ट्रेनिंग, बूथों की संवेदनशीलता, सुरक्षा बलों की तैनाती, मेडिकल टीमों आदि की तैयारियों का भी जायजा लिया। इस मौके पर रिटर्निंग अधिकारी डॉ. इस्मत विजय सिंह, नमन मारकंड, ऋचा गोयल और मनजीत कौर भी मौजूद थे।