मोगा शहर को सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा की जा रही पहल के तहत कंसाई नेरोलैक पेंट्स कंपनी ने शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को नया रूप देने की जिम्मेदारी ली है।कंपनी ने पूरे पुल के सौंदर्यीकरण और शहर के विकास में योगदान देने के लिए सहमत दी है।
कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद मोगा के डिप्टी कमिश्नर श्री कुलवंत सिंह ने कहा कि शहर को सही मायने में सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग इस शहर में आने वाले लोगों का मुख्य आकर्षण है। उन्होंने कहा कि गोइंदवाल साहिब स्थित कंपनी कंसाई नेरोलैक पेंट्स लिमिटेड अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) गतिविधि के तहत पुल के नवीनीकरण के लिए सहमत हो गई है।
कंसाई नेरोलैक पेंट्स लिमिटेड के अलावा, सीटी यूनिवर्सिटी, दर्शन सिंह कॉम्प्लेक्स और मैक्रो ग्लोबल ने भी शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों जैसे गीता भवन, अकालसर चौक, बुघीपुरा चौक, बस स्टैंड आदि के सौंदर्यीकरण में योगदान देने का वादा किया है। डिप्टी कमिश्नर ने उक्त कंपनियों और संस्थानों की सराहना करते हुए अन्य कॉरपोरेट समूहों से भी मोगा जिले और इसके निवासियों के विकास में योगदान देने के लिए आगे आने की अपील की।
कंसाई नेरोलैक पेंट्स लिमिटेड के प्रतिनिधि श्री सुरेश वर्मा और श्री राजीव बंसल ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर कुल 12 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि शहर से गुजरने वाले पूरे पुल पर पेंट और ग्रैफिटी का काम किया जायेगा। बरसात के मौसम के बाद काम शुरू होगा और शुरू होने के एक माह के अंदर पूरा कर लिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि ग्रैफिटी का काम पेशेवर कलाकारों द्वारा किया जाएगा। बैठक के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा किया और उन क्षेत्रों की पहचान की जहां काम किया जाना है।