इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जब से देश और प्रदेश में भाजपा गठबंधन की सरकार बनी है तभी से हालात बद से बदतर हुए हैं। पहले कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश को लूटा और अब भाजपा गठबंधन की सरकार दोनों हाथों से लूट रही है। वे गुरुवार को अपनी परिवर्तन पदयात्रा के तहत रतिया विधानसभा क्षेत्र के गांव पिलछीया में आयोजित एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
अहम बात ये है कि जब परिवर्तन पदयात्रा हजारों युवाओं की मौजूदगी और अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में रतिया विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पहुंची गांववासी स्वागत के लिए उमड़ पड़े। पिलछीया गांव से होते हुए यह यात्रा गांव महम्मदकी, लद्दूवास, सरदारेवाला, नंगल, बलियाला, मीराणा प्लाटां, रतनगढ़ व रतिया शहर की ओर कूच कर गई।
इस दौरान अभय सिंह चौटाला ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया जिसमें लोगों ने अपनी समस्याओं के बारे बताते हुए कहा कि गावों में न तो नहरों में पानी आ रहा है और न ही बिजली मिल रही है। बिजली के लंबे लंबे कट लगते हैं जिस कारण से लोगों को बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इनेलो की सरकार में बिजली, पानी समेत और सुविधाओं की जो मौज थी अब हालात उसके बिल्कुल विपरीत हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इनेलो की सरकार में जो बिल 200-200 रूपए आते थे अब वही बिल 5000 रूपए आता है। अगर किसी का बिजली का बिल 10000 रूपए से ऊपर आता है तो भाजपा सरकार उनकी पेंशन और राशन कार्ड काट रही है। सभी ने कहा कि भाजपा सरकार पोर्टल द्वारा चलाई जा रही है जिस कारण उनके हालात बहुत खराब हो चुके हैं।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज है जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फतेहाबाद के एक व्यक्ति ने सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा अधिकारियों से मिली भगत करके बड़े स्तर पर किए जा रहे भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिए आरटीआई लगाई तो उस व्यक्ति को सत्ता में बैठे लोगों द्वारा धमकी दी गई।
अभय सिंह ने कहा कि भाजपा गठबंधन के लोग जुमलों के आधार पर वोट हासिल कर सत्ता पर काबिज हुए, अब उन लोगों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है क्योंकि प्रदेश की जनता इन सभी के कुकृत्यों का हिसाब लेने के लिए तैयार बैठी हैं। इसके अलावा युवाओं का इनेलो की ओर बढ़ता रुझान इस बात को पुख्ता कर रहा है कि इनेलो ही एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो सभी वर्गों के हितों के पक्षधर है। उन्होंने कहा कि 2024 में शत प्रतिशत इनेलो की सरकार बनेगी और सरकार बनाने में युवाओं की भूमिका अहम होगी।