शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव नवीन कुमार चौधरी और खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव पी. के. पोले ने आज पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, गांधी नगर में लोगों की शिकायतों को सुना।केंद्र शासित प्रदेश जम्मू व कश्मीर से आए प्रतिनिधिमंडलों और व्यक्तियों ने प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक की और अपने क्षेत्रों के विभिन्न मुद्दों और समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया। तहसील गंडोह (डोडा जिला) के दलोरी और रैला गाँवों के निवासियों के एक समूह ने अपने क्षेत्र में एक केंद्रीय स्थान पर राशन की उपलब्धता की माँग की। उन्होंने विनती की कि दोनों गाँवों के निवासियों को बिक्री डिपो सिनू से राशन प्राप्त करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि यह उनके क्षेत्र से 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। उन्होंने गांव खरांगल में राशन डिपो के लिए प्रावधान करने का अनुरोध किया, जो दोनों गांवों के लिए केंद्रीय स्थान है।मल्हार कठुआ के एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने सरकारी एचएसएस मल्हार में व्याख्याता और मास्टर के रिक्त पदों को भरने की मांग की। जम्मू व कष्मीर पॉलिटेक्निक फैकल्टी मेंबर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने कई मुद्दों पर प्रकाश डाला और जम्मू व कष्मीर के पॉलिटेक्निक संस्थानों में सभी एआईसीटीई नियमों और विनियमों को लागू करने और प्रशिक्षण एवं नियुक्ति विभागों को मजबूत करने की मांग की।पुंछ, रामबन, डोडा, कठुआ और कश्मीर क्षेत्रों सहित जम्मू-कश्मीर से बड़ी संख्या में व्यक्तियों और कर्मचारियों ने प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक की और खाद्य, नागरिक आपूर्ति और सेवा मुद्दों के बारे में मांगों पर प्रकाश डाला।प्रतिनिधिमंडलों के साथ बातचीत करते हुए, नवीन चौधरी ने कहा कि सरकार ने जम्मू व कश्मीर के लोगों को सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए ठोस प्रयास किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए मौके पर दिशा-निर्देश भी दिए।प्रशासनिक सचिवों ने प्रतिनिधिमंडलों को अन्य लोगों को अपनी वास्तविक शिकायतों को पेश करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।उप जिला मजिस्ट्रेट चौकी चौरा चंदर किशोर शर्मा, उप निदेशक खाद्य नागरिक आपूर्ति कुलराज सिंह, तहसीलदार मढ सुरेन्द्र सिंह और नायब तहसीलदार मीरां साहिब परशोत्तम लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी लोक शिकायत निवारण कार्यक्रम में मौजूद थे।