अराजकता का सहारा ले रही है आप : तिवारी
Web Admin
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली (आईएएनएस) , 21 Jan 2014
Last updated on: Jan 21, 2014, 00:00 IST
सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) पलायनवादी है और अराजकता का सहारा ले रही है। तिवारी ने एक टेलीविजन चैनल से कहा, "उन्होंने जनता से वादा किया है और अब जब बात पूरे करने का वक्त आया है वे पलायनवादी बन रहे हैं और वे स्थिति से निकलने के लिए हर तिकड़म कर रहे हैं जिसमें वे फंसे हुए हैं।"उन्होंने कहा, "देश की जनता को आप से पूछने की जरूरत है कि क्या वे भारत और गणराज्य के सिद्धांत को मानते हैं? क्योंकि अगर वे भारत में विश्वास करते हैं, तो वह अराजकता का सहारा नहीं ले सकते, जिसका सहारा अभी वे ले रहे हैं।"केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों का प्रदर्शन दूसरे दिन में प्रवेश कर गया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस के पांच अधिकारियों के निलंबन की मांग की है। तिवारी ने केजरीवाल से मुख्यमंत्री की नैतिकता का ख्याल रखते हुए प्रदर्शनकारी की जगह प्रशासक बनने की मांग की। आप को कांग्रेस के समर्थन पर उन्होंने कहा, "जिस स्थिति में आज हम हैं, मुझे लगता है कि कांग्रेस को समर्थन पर पुनर्विचार करने की भी जरूरत नहीं है। ये सज्जन अपने विरोधाभासों के दबाव से खुद खत्म हो जाएंगे।"