स्कूली बच्चों में ऊर्जा उपयोग के बारे में जागरूकता लाने के दृष्टिगत सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) ने आज ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफीशियेंसी (बीईई) के तत्वावधान में राष्ट्रीय ऊर्जा संवर्द्धन अभियान के अन्तर्गत राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। राज्यपाल श्रीमती उर्मिला सिंह ने राजभवन में पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता की।श्रीमती उर्मिला सिंह ने इस अवसर पर ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल देते हुए युवा नागरिकों से इसे अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संवर्द्धन हमारे दैनिक जीवन के साथ-साथ ऊर्जा बचत में भी सहायक सिद्ध होगा और संसाधनों की कटौती को रोकने में भी मदद मिलेगी। पर्यावरण सुरक्षा के महत्व पर बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण मित्र ऊर्जा संवर्द्धन तरीकों को अपनाया जाना चाहिए ताकि वैश्विक ऊष्मीकरण के प्रभावों को कम किया जा सके। घरों में ऊर्जा कार्य दक्ष उपकरणों के उपयोग से ऊर्जा का कम उपयोग होता है और ऊर्जा की बचत में भी यह महत्वूपर्ण भूमिका निभा सकता है।
श्रीमती उर्मिला सिंह ने कहा कि लोगों को ऊर्जा बचत की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए जिसके लिए प्रभावी अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूलों में जागरूक किया जाना चाहिए ताकि वे अपने आसपास के क्षेत्रों एवं शिक्षा संस्थानों इत्यादि में जागरूकता अभियानों में भाग ले सकें तथा प्रत्येक मंचों से ऊर्जा संवर्द्धन का संदेश प्रचारित कर सकें।राज्यपाल ने चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को 10 हजार रुपये, 8 हजार रुपये, 5 हजार रुपये तथा एक हजार रुपये के 20 सांत्वना पुरस्कार प्रदान किये।उन्होंने प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक श्री एम.एल. आजाद तथा 31 खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारियों को इस प्रतियोगिता के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए सम्मानित किया।प्रधान सचिव शिक्षा श्री आर.डी. धीमान ने राज्यपाल का स्वागत किया। प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के निदेशक श्री अशोक शर्मा ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए।
एसजेवीएन के निदेशक (परसोनल)एन.एल. शर्मा ने जागरूकता अभियान के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों तथा ऊर्जा क्षेत्र में सतलुज जल विद्युत निगम के योगदान की विस्तृत जानकारी दी।एसजेवीएन के महाप्रबन्धकए.के. मुखर्जी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 11,177 स्कूलों के लगभग 3,90,621 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से वरिष्ठ एवं कनिष्ठ श्रेणियों में प्रत्येक से 50 प्रतिभागियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।वरिष्ठ श्रेणी के लिए प्रेक्टिस कंजरवेशन-फॉर फ्यूचर जनरेशन, कंजर्व एनर्जी-प्रोटेक्ट एन्वायरन्मेंट एंड चेंज फॉर बैटर विद् एनर्जी स्टार लेवल विषय रखे गए थे, जबकि कनिष्ठ श्रेणी के लिए लाइफ इज एनर्जी, कंजर्व इट, सेविंग एनर्जी इज नाइस-ऐज इट पेज यू प्राइस तथा ऊर्जा बचाओं, भविष्य बचाओं विषय थे।ग्रुप ‘ए’ में मोदक वर्मा को प्रथम, कनिष्क चांजटा को द्वितीय तथा प्रियंका को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। ग्रुप ‘बी’ में चिराग शर्मा, छवि शर्मा तथा पूजा देवी ने क्रमशः पहला, दूसरा तथा तीसरा पुरस्कार हासिल किया। सतलुज जल विद्युत निगम एवं शिक्षा विभाग के निदेशकों तथा अधिकारियों के अतिरिक्त अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।