इनेलो के वरिष्ठ नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभयसिंह चौटाला ने किसानों से आह्वान किया कि उनके संगठन के बलबूते पर मेहनतकश किसानों की धान की फसल के एक-एक दाने का पूरा मूल्य भाजपा सरकार से दिलवाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष ने आज कैथल, सीवन, चीका, कलायत, पुंडरी, इसराना व सफीदों सहित अनेक मंडियों का दौरा कर किसानों व व्यापारियों की समस्याओं व परेशानियों का जायजा लिया और उनकी आवाज सीएम के समक्ष रखने के साथ-साथ विधानसभा में भी रखने का भरोसा दिलाया। अनाज मंडियों के इस दौरे के दौरान इनेलो प्रदेशाध्यक्षा अशोक अरोड़ा व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा भी भी उनके साथ थे। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में पहली बार ऐसा मौका आया है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दिन-रात मेहनत करने वाला किसान अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है।
अभय चौटाला ने कहा कि खुलेआम किसानों के साथ मंडियों में ठगी हो रही है और बेचारा किसान असहाय अपने आप को लूटता हुआ देख रहा है और कुछ न करने पाने की स्थिति में खड़ा है। इनेलो नेता ने कहा कि किसान अगर संगठित रहे तो उनकी फसल का सरकारी समर्थन मूल्य दिलाकर ही दम लेंगे और इसके लिए विधानसभा में किसानों की आवाज इनेलो हमेशा की तरह इस बार भी बुलंद करेगी। इनेलो नेता ने किसानों व व्यापारियों की समस्याओं को सुना और कहा कि वे शीघ्र ही किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे।इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार ऑन लाइन खरीद की प्रणाली शुरू करके किसान और आढ़ती के बीच खटास पैदा करके उनके रिश्तों को खराब करने पर तुली हुई है। आढ़ती किसान का एटीएम होता है। दुख सुख में किसान आढ़ती से किसी भी समय राशि ले लेता है। ऑन लाइन ई ट्रेडिंग प्रणाली शुरू होने से खरीद की फसल का पैसा सीधे किसान के खाते में जाएगा, जिससे आढ़तियों को पैसा डूबने का हर वक्त संदेह बना रहेगा और इस आपसी अविश्वास के कारण दोनों के बीच रिश्ते खराब होंगे। इनेलो नेता ने कहा कि प्रदेश के किसानों की दुर्दशा के लिए कांग्रेस और भाजपा को समान रूप से दोषी ठहराते हुए कहा कि कांग्रेस ने जहां 10 वर्ष के शासनकाल में किसानों की जमीनें लूटने का काम किया, वहीं अब भाजपा सरकार पिछले दो वर्ष से किसानों की फसल लूटने का काम कर रही है। कांग्रेस ने जहां बिल्डरों को मालामाल किया, वहीं भाजपा ने फसल बीमा योजना के नाम पर प्राइवेट बीमा कंपनियों को मालामाल कर दिया है।
पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं इनेलो नेता रामपाल माजरा ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी नीतियां बना रही है। पहले फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के बैंक खातों से जबरदस्ती प्रीमियम की राशि काट कर प्राइवेट कंपनियों को मालामाल किया गया और अब किसानों की धान की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य से 200 से 350 रुपये प्रति क्विंटल कम पर खरीदी जा रही है। आश्चर्यजनक बात तो ये है कि जे फार्म सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 1510 रुपये प्रति क्विंटल के काटे जा रहे हैं , लेकिन किसान को पूरा पैसा न देकर लूटने का काम किया जा रहा है। यह घोटाला सरकार की मिलीभगत से ही हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि वे मंडियों का दौरा करने के पश्चात गांव गांव में जाकर किसानों को लामबद्ध करेंगे और उनका बीमा प्रीमियम की राशि व धान की फसल का काटा गया पैसा वापिस दिलाने के लिए सडक़ों पर उतरेंगे। माजरा ने मांग की कि धान की खरीद में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से बढ़ाकर बिना किसी कटौती 21 प्रतिशत की जाए और सरकार मिलिंग के लिए जो धान शैलर वालों को देती है, उसमें चावल की निकासी की मात्रा 67 किलो से घटाकर 64 किलोग्राम की जाए।
रामपाल माजरा ने याद दिलाया कि इनेलो के शासनकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने राईस मिल मालिकों को राहत देते हुए चावल निकाली की मात्रा 67 किलो से घटाकर 64 किलो की थी और नमी होने के बावजूद किसानों की धान की फसल का एक एक दाना एमएसपी पर खरीदा गया था। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र मदान, कैलाश भगत, जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा, शशी वालिया, हरदीप पाडला, रणवीर फौजी, बलवान कोटड़ा, सरपंच राजाराम माजरा, रामफल मलिक खुराना, संजीव छौत, संदीप ढांडा, मा.प्रेम ग्योंग, चंद्रभान दयौरा, सुशील गुप्ता, दलबीर गुहणा, बलराज नौच, मा. प्रेम गुर्जर, लाला टेकचंद सजूमा, हरिकिशन सैनी, ईश्वर सिंह कादियान जाखौली, बलकार नैन, अनिल तंवर,ऋषिराज राणा, रोशन सिरटा, रामदिया चावरिया, रोशन सिरटा सहित भारी संख्या में किसानों सहित इनेलो पदाधिकारी उपस्थित थे।इसी बीच सफीदों व इसराना में अभय सिंह चौटाला ने कहा कि या तो सरकार किसानों को लूटना बंद करे नहीं तो इनेलो किसानों के हक के लिए कोई भी आंदोलन करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि धान में नमी बताकर किसानों की फसल खरीदने से सरकार मना कर रही है। पहले ही फसलों में बीमारी तथा ऊपर से धान की खरीद नहीं होने के कारण किसान पर दोहरी मार पडऱ रही है। अभय चौटाला सफीदों व इसराना की अनाजमंडी में किसानों से बातचीत करते सरकार की किसान विरोधी नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा की। इस मौके पूर्व विधायक कली राम पटवारी भी मौजूद थे।