कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ छेड़े अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर के अनुसार सरोजनी देवी निवासी कछियारी से 35 ग्राम चरस व 9 हजार मिलीलीटर शराब पकड़ी है। इस टीम में कुलदीप हैड कांस्टैबल, पंकज व पवन ने इस अभियान में आरोपी को पकड़ा। कांगड़ा थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति अवैध रूप से नशे के कारोबार में संलिप्त है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। उधर, नूरपुर थाना के तहत भदरोया क्षेत्र में पुलिस ने डीएसपी की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर एक व्यक्ति से हैरोइन बरामद की। डीएसपी महिंद्र सिंह मन्हास ने जानकारी देते हुए बताया कि जना निवासी छन्नी जोकि भदरोया में हैरोइन का कारोबार कर रहा था, को पुलिस ने एक योजनाबद्ध तरीके से गुप्त सूचना के आधार पर रंगे हाथों पकड़ कर उससे 7 ग्राम हैरोइन बरामद की। उन्होंने बताया कि आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है तथा उसको कोर्ट ने 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।