राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी में स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का अपना दौरा रद्द कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम की वजह से यह निर्णय लिया गया है। मुखर्जी आआईटी के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले थे। सरकार के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि राष्ट्रपति खराब मौसम के कारण गंतव्य स्थल पर पहुंच नहीं पाएंगे। राष्ट्रपति का कार्यक्रम रद्द होने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और राज्यपाल कल्याण सिंह ने विद्यार्थियों को डिग्री और पदक प्रदान किए। आईआईटी का यह परिसर शिमला से लगभग 175 किलोमीटर दूर मंडी के पास कामांद गांव में स्थित है। राष्ट्रपति मुखर्जी ने हालांकि, कांगड़ा जिले के लोकप्रिय मां बगलामुखी मंदिर में पूजा-अर्चना की।