आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व विधायक राजेश गर्ग ने बुधवार को एक ऑडियो क्लिप जारी की। इस क्लिप में केजरीवाल और उनके बीच की बातचीत का ब्योरा है। ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर केजरीवाल यह कहते हुए सुने गए हैं कि कांग्रेस पार्टी के विधायक एक नया राजनीतिक दल बनाकर आप को समर्थन दे दें ताकि वह दिल्ली में सरकार बना सकें। गर्ग का दावा है कि यह बातचीत पिछले साल की है जब राजधानी में राष्ट्रपति शासन लगा हुआ था। उधर, आम आदमी पार्टी ने ऑडियो क्लिप को खारिज करते हुए कहा कि यह पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास है। इस टेप की प्रमाणिकता का अभी तक पता नहीं लगाया गया है। इसमें केजरीवाल पार्टी के पूर्व विधायक राजेश गर्ग से कांग्रेस को विभाजित करने के लिए कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस दोबारा आप को समर्थन देने के लिए तैयार नहीं थी।
गर्ग ने संवाददाताओं से कहा कि केजरीवाल और उनके बीच की यह बातचीत 2014 के जुलाई-अगस्त माह की है। केजरीवाल ने दिल्ली में 49 दिनों तक सरकार चलाने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।टेप में आप संयोजक को गर्ग से यह कहते हुए सुना गया कि मनीष सिसोदिया सरकार गठन पर कांग्रेस के विधायकों के साथ संपर्क में हैं। मनीष सिसोदिया मौजूदा समय में दिल्ली सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं। आप नेता प्रीति शर्मा मेनन ने संवाददाताओं से कहा कि इस तरह के टेप नई बात नहीं है और पार्टी की छवि को धूमिल करने के लिए इससे पहले भी जारी किए गए थे।