दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को अपनी पार्टी के मंत्रियों, विधायकों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से अहंकार से दूर रहने की अपील की। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटें जीतने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और यहां उस्थित हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, "जब इतनी बड़ी जीत मिलती है तो इंसान के मन में अहंकार जागता है। लेकिन जब ऐसा होता है तो सब खत्म हो जाता है। इसलिए हम सब लोगों को, मुझे, मंत्रियों को, सहयोगियों को चौकस रहना पड़ेगा। हमें टटोलना पड़ेगा कि कहीं हमारे अंदर अहंकार तो नहीं जाग रहा। यदि ऐसा हुआ तो हम अपना मिशन पूरा नहीं कर पाएंगे।"उन्होंने कहा, "दिल्ली चुनाव के बाद हमारे कुछ लोग कह रहे हैं कि हम यहां का चुनाव लड़ेंगे, वहां का चुनाव लड़ेंगे; मुझे इसमें अहंकार नजर आ रहा है। यह ठीक नहीं है।"
केजरीवाल ने कहा, "कांग्रेस को लोगों ने इसलिए हराया, क्योंकि उसमें अहंकार आ गया था। पिछले साल मई में लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भी जनता ने यहां इसलिए हराया, क्योंकि उनमें भी अहंकार आ गया था।"उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी के अंदर भी अहंकार आ गया था और इसलिए हमने लोकसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया, लेकिन नतीजों से पता चला कि हमें अहंकार नहीं करना चाहिए।"दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं पांच साल तक दिल्ली में रहकर अपनी जिम्मेदारी को पूरे तनमन धन से निभाने की कोशिश करूंगा।"