नई सरकार के कार्यकाल में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जे.सी.सी. बैठक कांगड़ा में होगी
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला , 09 Jan 2013
Last updated on: Jan 09, 2013, 00:00 IST
नई सरकार के कार्यकाल में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जेसीसी बैठक कांगड़ा में होगी। अभी तक के इतिहस में पहली बार ऐसा हो रहा है कि उक्त बैठक शिमला के बजाय कांगड़ा जिला के धर्मशाला में होगी। इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी शीतकालीन प्रवास के दौरान बैठक में भाग लेने का आश्ववान कर्मचारी महासंघ को दे दिया है। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल वीरभद्र सिंह से मिला। इस दौरान उन्होंने नई सरकार को कर्मचारियों की 28 सूत्री मांगपत्र भी सौंपा। इस फेहरिस्त में कर्मचारियों की सेवानिवृत्त की आयु 58 वर्ष की बजाय 60 वर्ष करने की मांग की। सभी वित्तीय लाभ पंजाब के तर्ज पर देने, केंद्र व पंजाब के आधार पर पांच दिन का कार्यदिवस, ग्रेड-पे वर्ष 2012 की बजाय वर्ष 2011 से लागू करने, मकान भत्ता 10, 20 व 30 प्रतिशत बढ़ाने आदि मांगपत्र में शामिल है। इस दौरान कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से नई सरकार के कार्यकाल में पहली जेसीसी बैठक राजधानी की बजाय जिला कांगड़ा में करवाने का की मांग की। कर्मचारियों की इस मांग पर सीएम वीरभद्र शीतकालीन दौरे के दौरान बैठक में शरीक होने पर सहमति जता दी है। इसके चलते अराजपत्रित कर्मचारी संघ ने धर्मशाला में प्रेस वार्ता भी आयोजित की। इस दौरान कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव गोपाल कृष्ण शर्मा ने बताया कि इतिहास में पहली बार राजधानी शिमला की बजाय अन्य क्षेत्र पर जेसीसी की बैठक होने जा रही है। उन्होंने बताया कि वीरभद्र ने पहली बार कांगड़ा में विधानसभा करवा कर इतिहास रचा था। इस बार कांगडा में पहली दफा जेसीसी बैठक आयोजित कर भी नया इतिहास दोहराएंगे। उन्होंने कांगडा में 10 हजार कर्मचारियों का महासम्मेलन करवाने का भी ऐलान किया है।