अभिनेत्री निमरत कौर ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने बिजी शेड्यूल की एक झलक दिखाई। उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर बताया कि साल के शुरुआती छह महीने उनके काम और भागदौड़ में कैसे बीते। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अभिनेत्री निमरत कौर काम की जिम्मेदारियों, ट्रैवलिंग और अपनी व्यस्त दिनचर्या के पलों का आनंद लेते हुए देखा जा सकता है।
क्लिप में एक्ट्रेस को जिम में वर्कआउट करते, फोटोशूट के लिए पोज देते और अपनी व्यस्त दिनचर्या के कई अन्य पलों को कैद करते हुए भी दिखाया गया है। वीडियो शेयर कर अभिनेत्री निमरत कौर ने लिखा, "अब तक का मेरा आधा साल: जनवरी, ट्रैवल, काम, खाना, हीटवेव, एक और हीटवेव, जुलाई, रिपीट।" निमरत कौर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं, जहां वह अक्सर तस्वीरों और वीडियो के जरिए अपनी जिंदगी की झलकियां शेयर करती रहती हैं।
अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'एयरलिफ्ट' से अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री निमरत कौर 'द फैमिली मैन' के तीसरे सीजन में नजर आई थीं। इस पॉपुलर सीरीज में मनोज बाजपेयी ने श्रीकांत तिवारी का किरदार निभाया था, एक मिडिल-क्लास आदमी जो इंटेलिजेंस ऑफिसर के तौर पर दोहरी जिंदगी जी रहा था। मनोज बाजपेयी (श्रीकांत तिवारी), शारिब हाशमी (जेके तलपड़े), प्रियामणि (सुचित्रा), और निम्रत कौर अपने पुराने किरदारों में वापस लौटे हैं।
इसके अलावा जाने-माने अभिनेता जयदीप अहलावत ने इसमें एक खूंखार विलेन (रुक्मा) का शानदार किरदार निभाया है। इसके अलावा अभिनेत्री जल्द ही कोर्टरूम ड्रामा-थ्रिलर फिल्म 'सेक्शन 84' में नजर आएंगी। रिभु दासगुप्ता द्वारा निर्देशित और लिखित फिल्म में वह बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं।
इस फिल्म में उनके किरदार का नाम 'जोया' है और इसमें डायना पेंटी, अभिषेक बनर्जी भी महत्वपूर्ण किरदारों में होगे। फिल्म को जियो स्टूडियोज और रिलायंस एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है अब देखना है कि फिल्म को दर्शक कितना पसंद करते हैं।