पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज मोहाली विधानसभा क्षेत्र से श्रद्धालुओं से भरी तीन बसों को श्री अमृतसर साहिब के लिए रवाना किया गया। विधायक सरदार कुलवंत सिंह ने गांव चिल्ला, धुराली और ग्रीन एन्क्लेव से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि पहले मोहाली विधानसभा क्षेत्र से प्रतिदिन दो बसें तीर्थ यात्रा के लिए रवाना होती थीं, लेकिन श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और तेजी से हो रहे पंजीकरण को देखते हुए अब तीसरी बस भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को लोगों का भरपूर समर्थन और उत्साह मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था को ही नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूत करती है। यात्रा के दौरान विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक बस में एक डॉक्टर और एक गाइड की व्यवस्था की गई है।
विधायक कुलवंत सिंह ने बताया कि आज मोहाली विधानसभा क्षेत्र से 77वीं, 78वीं और 79वीं बस के रूप में तीन बसें रवाना की गई हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, जलियांवाला बाग तथा अटारी-वाघा सीमा के दर्शन करेंगे। इस अवसर पर हलका कोआर्डिनेटर फूलराज सिंह भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर गांव चिल्ला में अमन सिंह, संतोख सिंह, कुलवंत सिंह, काका सिंह, पार्षद नसीब सिंह संधू, हरिंदर पाल सिंह, मान भूपिंदर सिंह, जर्नैल सिंह, दलवीर सिंह, चन्ना सिंह, गुरनाम सिंह, गुरमीत सिंह, प्रीतम सिंह, गुरमेल सिंह, संत सिंह, बलवीर सिंह, भजन सिंह, खुशहाल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।