भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए कई बैठक की हैं। इसमें दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को गहरा करने पर बातचीत की गई। यह जानकारी केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की ओर से बुधवार को दी गई। केंद्रीय मंत्री गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "अमेरिका व्यापार प्रतिनिधि एंबेसडर जेमिसन ग्रीर और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह कई बैठक हुई हैं।
इसमें भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर प्रगति की समीक्षा की गई, साथ ही दोंनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को गहरा करने के रास्ते तलाशे गए।" उन्होंने आगे कहा कि मैं एंबेसडर ग्रीर के नेतृत्व और हमारी बातचीत को रचनात्मक और प्रगतिशील ढंग से आगे बढ़ाने में दोनों टीमों के लगातार प्रयासों की सराहना करता हूं। इससे पहले मंगलवार को गोयल ने ग्रीर और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की और एक संतुलित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के तरीकों पर चर्चा की।
गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक मजबूत और बढ़ती हुई आर्थिक साझेदारी है। मंत्री ने पोस्ट किया, "हमने 7 फरवरी 2026 के संयुक्त बयान के अनुरूप, एक संतुलित और दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद व्यापार समझौते की बातचीत को आगे बढ़ाने पर सार्थक चर्चा की।" भारत और अमेरिका एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे नए आर्थिक अवसर खुल सकते हैं और दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध और मजबूत हो सकते हैं।
इससे पहले एक पोस्ट में ग्रीर का भारत में स्वागत करते हुए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने लिखा था कि अपने महत्वाकांक्षी व्यापार एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए आपका यहां स्वागत है। हम एक मजबूत द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे दोनों देशों के लिए नए आर्थिक अवसर खुलेंगे और अमेरिका-भारत आर्थिक साझेदारी और भी मजबूत होगी।
इससे पहले सोमवार को गोर ने कहा था कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ग्रीर नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ कई दौर की बैठकें करेंगे। इन बैठकों का उद्देश्य अगले महीने लागू होने वाली महत्वपूर्ण टैरिफ समयसीमा से पहले व्यापार समझौते को आगे बढ़ाना है।