केंद्र सरकार ने पुष्टि की है कि खरीफ 2026 सीजन के लिए पंजाब में यूरिया और DAP खाद की आवश्यक मात्रा उपलब्ध है। यह जवाब भाजपा पंजाब के अध्यक्ष श्री केवल सिंह ढिल्लों जी द्वारा 10 जून 2026 को केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री को लिखे गए पत्र के उत्तर में आया है।
23 जून 2026 को भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की संयुक्त सचिव वंदना प्रेयशी, आई.ए.एस. ने ढिल्लों जी को बताया कि पंजाब को 11,45,000 मीट्रिक टन यूरिया और 1,80,000 मीट्रिक टन DAP उपलब्ध करवाई गई है — जो राज्य की आवश्यकता से भी अधिक है। वर्तमान में राज्य के पास 4,27,000 मीट्रिक टन यूरिया और 98,000 मीट्रिक टन DAP का क्लोजिंग स्टॉक मौजूद है।
श्री ढिल्लों जी ने कहा, “मोदी सरकार ने एक बार फिर साबित किया है कि पंजाब का किसान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारे पत्र के कुछ ही दिनों में केंद्र ने स्पष्ट जवाब दिया। अब सवाल यह है कि क्या आप सरकार इस खाद को जिला और ब्लॉक स्तर तक किसानों तक पहुंचाएगी या नहीं।”
ढिल्लों जी ने चेतावनी दी कि उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत जमाखोरी, कालाबाजारी और ऊंचे दामों पर बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करना राज्य सरकार की पूरी जिम्मेदारी है। यदि किसानों तक खाद नहीं पहुंचती, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी भगवंत मान सरकार की होगी।
भाजपा पंजाब मांग करती है कि आप सरकार सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में खाद की पारदर्शी और समयबद्ध वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करे।