भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने कहा कि 2021 में पंजाब की माताओं, बहनों और बेटियों से केजरीवाल का किया गया वादा आज 52 महीने बाद भी अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने महिला सम्मान के नाम पर केवल तारीखें दी हैं। मार्च 2022 से लेकर अक्टूबर 2022, जनवरी 2023, नवंबर 2023, अप्रैल 2025, जनवरी 2026 और अब एक नई घोषणा कर महिलाओं को लगातार गुमराह किया जा रहा है।
चुग ने कहा कि पंजाब की महिलाएं अब नई घोषणाएं नहीं, अपना पूरा बकाया मांग रही हैं। चुग ने कहा कि आज पंजाब की प्रत्येक पात्र महिला का लगभग 53 हजार रुपये बकाया है और लाखों महिलाएं अपनी पाई-पाई का हिसाब मांग रही हैं। कभी 1100 रुपये प्रति माह, कभी 1000 रुपये और अब 3000 रुपये की नई घोषणा करके सरकार अपनी 52 महीने की वादाखिलाफी नहीं छिपा सकती।
उन्होंने कहा कि यह महिला सशक्तिकरण नहीं, बल्कि पंजाब की महिलाओं के साथ किया गया सुनियोजित राजनीतिक छल है। चुग ने कहा कि जिस मुख्यमंत्री को श्री अकाल तख्त साहिब ने गुरु द्रोही घोषित किया हो और जिसके सामाजिक बहिष्कार का आदेश दिया गया हो, उसे मुख्यमंत्री पद पर एक क्षण भी बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि स्वयं भगवंत मान ने वीडियो की स्वतंत्र जांच की मांग की थी और जांच में स्पष्ट हो चुका है कि वीडियो न तो कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार किया गया था और न ही उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ हुई थी। चुग ने जोड़ा कि आज पंजाब के मंत्री, विधायक और अधिकारी असमंजस में हैं कि वे श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश का सम्मान करें या भगवंत मान के राजनीतिक दबाव के आगे झुकें।
उन्होंने कहा कि धन्न-धन्न श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी द्वारा स्थापित श्री अकाल तख्त साहिब की गरिमा को चुनौती देने वाला व्यक्ति पंजाब का नेतृत्व नहीं कर सकता। चुग ने कहा कि जिस राज्य में नशा सबसे बड़ी समस्या बन चुका हो, वहां का मुख्यमंत्री जनता का ध्यान भटकाने के लिए रोज नए राजनीतिक हथकंडे अपना रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले विरोध करने वालों के घरों के बाहर प्रदर्शन करवाए गए और अब नई घोषणाओं के जरिए जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पंजाब की जनता अब पूरी सच्चाई समझ चुकी है। चुग ने जोड़ा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व ने पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश, नई ऊर्जा और नया आत्मविश्वास पैदा किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है और अब 2027 में पंजाब में परिवर्तन को कोई नहीं रोक सकता। पंजाब की जनता झूठे वादों, अराजकता और राजनीतिक धोखे से मुक्ति चाहती है तथा भाजपा पंजाब को सुरक्षित, समृद्ध और सम्मानजनक भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है।