12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला आयुष विभाग के तत्वावधान में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रतिदिन प्रातःकाल योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक मंगलवार को विद्यालयों में हनुमान चालीसा एवं गायत्री मंत्र का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा। उपमुख्य सचेतक ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनेक बीमारियों से भी बचाता है।
उन्होंने कहा कि योग का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है। प्राचीन काल में ऋषि-मुनियों ने योग एवं ध्यान के माध्यम से निरोग एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया था। आज के आधुनिक और व्यस्त जीवन में योग का महत्व और भी बढ़ गया है, क्योंकि यह तनाव को कम करने तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से स्वस्थ एवं सुखद जीवन के लिए प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू एवं आयुष मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश में आयुष सेवाओं को सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
उन्होंने योग के प्रचार-प्रसार में योग गुरु बाबा रामदेव के योगदान को भी सराहनीय बताया। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्य सचेतक ने उपस्थित जनसमूह के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम भी किए। इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से उन्हें सहजन का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृज नंदन शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आईटीआई शाहपुर के प्रधानाचार्य अभिनंदन कालिया ने उपमुख्य सचेतक का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके दिशा-निर्देशों के अनुरूप संस्थान में हनुमान चालीसा एवं गायत्री मंत्र का पाठ कल से प्रारम्भ कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, शाहपुर कॉलेज के प्राचार्य विश्वजीत,सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग विपुल पुंज, डॉ. भवानी, डॉ. अमित चौधरी, डॉ. अनीश भाटिया, योग गाइड अनुराधा एवं अंजुबाला ,प्रधानाचार्य बलजीत दियोलिया, शमशेर भारती, भाग सिंह, सेवानिवृत्त डॉ. कांत लगवाल, वरयाम सिंह, प्रदीप बलौरिया, नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष बविता, उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, संजीव पटियाल, बलवीर चौधरी, पूर्व पार्षद शुभम, आईटीआई एवं आयुष विभाग का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।