पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान पंजाबियों के बारे में की गई अपमानजनक टिप्पणियों और अभद्र भाषा के प्रयोग की कड़े शब्दों में निंदा की है। चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मल्होत्रा ने पंजाबियों को “इमोशनल ब्लडी फूल्स” कहा था।
इन टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, वड़िंग ने पंजाब भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए और पूछा कि वे पंजाबी समुदाय के इस तरह किए गए अपमान को कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मल्होत्रा ने वास्तव में भाजपा की उस वास्तविक सोच को जनता के सामने उजागर किया है, जो पंजाब और पंजाबियों के प्रति विरोधी तथा नफरत से भरी हुई है।
उन्होंने कहा कि मल्होत्रा ने शायद अनजाने में पंजाबियों के बारे में भाजपा की असली सोच को सामने ला दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब भाजपा नेताओं, विशेषकर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों से पूछा कि क्या वे मल्होत्रा द्वारा पंजाबियों के बारे में की गई टिप्पणियों से सहमत हैं, जिनमें वे स्वयं भी शामिल हैं।
उन्होंने आश्चर्य जताया कि मल्होत्रा द्वारा यह टिप्पणी किए जाने के कई दिन बीत जाने के बावजूद पंजाब भाजपा नेतृत्व चुप बैठा हुआ है। इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे पंजाब में प्रदर्शन करते हुए भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मल्होत्रा से बिना शर्त माफी मांगने की भी मांग की।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिला मुख्यालयों में विरोध मार्च निकाले और भाजपा तथा उसके चंडीगढ़ अध्यक्ष मल्होत्रा के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि मल्होत्रा ने वास्तव में उस गहरी नफरत को उजागर कर दिया है, जो भाजपा नेता पंजाबियों के प्रति अपने मन में रखते हैं।