शिरोमणी अकाली दल ने आज कहा है कि सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था की किसी भी कार्यवाही का उपयोग अदालती मामलों में नही किया जाना चाहिए श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार रघबीर सिंह ने ऐसा करके तख्त के ‘ हुक्मनामा’ का उल्लंघन किया है।यहां एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अकाली दल के वरिष्ठ नेता डा. दलजीत सिंह चीमा और अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा कि पूर्व जत्थेदार ज्ञानी जोगिंदर सिंह वेदांती ने फरमान जारी किया था कि तख्त की कार्यवाही को अदालत में सबूत के तौर पर पेश नही किया जाना चाहिए।
उन्होने कहा कि ‘सिख संगत’ को इस फरमान का अक्षरशः पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।डा. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि ज्ञानी रघबीर सिंह आम आदमी पार्टी की कठपुतली बन गए हैं और वे अकाली दल अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल द्वारा तख्त को दिए गए बयान के संबंध में एसआईटी के सामने पेश होने चले गए ।
उन्होने कहा,‘‘ ज्ञानी रघबीर सिं ने सिट के सामने बयान दर्ज करवाने से न केवल अपने फैसले का अपमान किया बल्कि सिख समुदाय की सर्वोच्च धार्मिक सीट का भी तिरस्कार किया है। उन्होने कहा कि ऐसा राज्य के इतिहास मंे पहले कभी नही हुआ यह बेहद निंदनीय है।’’डा. चीमा ने बताया कि पूर्व जत्थेदार ने न केवल अकाली लीडरशीप को धार्मिक सजा सुनाई बल्कि बाद में यह धार्मिक सजा पूरी होनेे के बाद मुक्त होने की घोषणा भी की थी।
उन्होने कहा ,‘‘ इस मुददे को आम आदमी पार्टी के साथ मिलीभगत कर दोबारा उठाकर एक धार्मिक मुददे का राजनीतिकरण करने के लिए ज्ञानी रघबीर सिंह ने तख्त की मर्यादा का उल्लंघन किया है। यह पूर्व जत्थेदार को शोभा नही देता और इससे संस्था के सम्मान को ठेस पहुंचती है।’’ उन्होने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से सिख मर्यादा के उल्लंघन सहित पूरी घटना पर कड़ा संज्ञान लेकर कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सरदार अर्शदीप कलेर ने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य के गंभीर मुददों से ध्यान भटकाने के लिए पूर्व जत्थेदार का इस्तेमाल कर रही है। उन्होने कहा,‘‘ 2027 के चुनावों से पहले बेअदबी के मुददे पर राजनीति करने की कोशिश की जा रही है।उन्होने कहा कि सरकार की अदालत में फटकार लगाई जा रही है कि कोटकपूरा फायरिंग मामले की जांच अभी तक लंबित क्यों है, जबकि सभी चालान पेश हो चुके हैं। उन्होने कहा ,‘‘ अदालत ने 18 जुलाई तक जांच की रिपोर्ट मांगी है इसीलि अब केस में यह नई साजिश रची जा रही है।’’