शिरोमणी अकाली दल ने आज कहा है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता स. परमबंस सिंह रोमाणा के खिलाफ आम आदमी पार्टी द्वारा दी गई झूठी शिकायत के कारण ही उन्हें कनाडा में प्रवेश से वंचित कर दिया गया।यहां एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता स. अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा कि फरीदकोट में हाल ही में हुए नगर निगम चुनावों के दौरान परमबंस रोमाणा के खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया था। उन्होने कहा,‘‘ रोमाणा को अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई थी और वह अनुमति लेने के बाद ही विदेश का दौरा करने गए थे।’’
सरदार कलेर ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी की सरकार को पता चला कि अकाली दल का एक प्रतिनिधिमंडल प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत करने कनाडा का दौरा कर रहा है तो वह घबरा गई। उन्होने कहा,‘‘ क्योंकि आप सरकार एनआरआईज् से किए हर वादे से मुकर गई, इसीलिए वह अकाली दल के प्रतिनिधिमंडल को हर हाल में रोकने के लिए बैचेन है। यही कारण है कि रोमाणा को वहां प्रवेश देने से इंकार करने के लिए कनाडाई अधिकारियों के सामने मनगढ़ंत आरोप पेश किए।’’
अकाली नेता ने कहा कि आप पार्टी की सरकार ने ऐसा करके न केवल प्रवासियों का अपमान किया है, क्योंकि उनके निमंत्रण पर ही वे उनसे मिलने जा रहे थे तथा उन्होने पंजाबियों के अतिथि सत्कार की भावना का भी अपमान किया है। उन्होने कहा,‘‘ अकाली दल का प्रतिनिधिमंडल एनआरआई समुदाय के साथ बातचीत करने और उनकी शिकायतों को सुनने के मकसद से कनाडा जा रहा था।
उन्होने कहा कि अकाली दल ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान प्रवासी सम्मेलन आयोजित कर उनकी शिकायतों का समाधान किया और उनके लिए विशेष पुलिस स्टेशन बनाए । लेकिन ऐसा लगता है कि आप सरकार जिसने प्रवासियों के लिए कुछ नही किया , इस मामले पर कोई चर्चा नही करना चाहती।’’ उन्होने कहा कि हाल ही अकाली दल के आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के सफल दौरे से आम आदमी पार्टी की सरकार को परेशान कर दिया।
स. कलेर ने आप पार्टी द्वारा स. परमबंस रोमाणा के खिलाफ बदनामी अभियान चलाने की असफल कोशिश पर सख्त नोटिस लिया। उन्होने कहा कि राज्य के एक प्रमुख इलेक्ट्राॅनिक चैनल ने यह कहकर उनके सम्मान को धूमिल करने की कोशिश की कि वह शराब के नशे में थे और इसीलिए उन्हें भारत वापिस भेज दिया गया। उन्होने कहा,‘‘ यह मनगढ़ंत कहानी है और यदि इसे चैनल द्वारा एक दिन के भीतर वापिस नही लिया जाता और चैनल इसके लिए माफी जारी नही करता है , तो हम मीडिया हाउस के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगें।’’