सी जी सी यूनिवर्सिटी, मोहाली द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से विश्व साइकिल दिवस 2026 बेहद उत्साह के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के अधीन भारतीय खेल प्राधिकरण के एक प्रमुख अभियान फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित किया गया, जो माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दृष्टिकोण (विजन) से प्रेरित है।
इस विशेष साइकिल रैली में ५००0 से अधिक साइकिल चालकों ने भाग लिया, जिनमें विश्वविद्यालय के छात्र, फैकल्टी, स्टाफ, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग शामिल थे। इस रैली का मुख्य उद्देश्य साइकिलिंग के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवन शैली, पर्यावरण संरक्षण और आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना था।
इस भव्य साइकिल रैली को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करने की रस्म सरदार राजिंदर सिंह (वरिष्ठ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता, भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी, अर्जुन अवार्डी १९९७, द्रोणाचार्य अवार्डी-२००३, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व राष्ट्रीय कोच और वर्तमान टेक्निकल लीड/डायरेक्टर, राउंडग्लास स्पोट्र्स हॉकी) द्वारा निभाई गई। उनकी उपस्थिति ने सभी प्रतिभागियों में भारी जोश भर दिया।
इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक शैलेंद्र कुमार ने गेस्ट ऑफ ऑनर (विशिष्ट अतिथि) के रूप में शिरकत की। उन्होंने युवाओं में फिटनेस और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली के प्रयासों की भरपूर सराहना की।
समारोह के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने साइकिलिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साइकिल चलाना न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का एक किफायती और बेहतरीन साधन है, बल्कि यह प्रदूषण मुक्त पर्यावरण के निर्माण में भी बड़ा योगदान देता है। उन्होंने एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी को एकजुट होने का आह्वान किया।
इस रैली में भाग लेने वाले साइकिल चालकों को नमो फिट इंडिया साइकिलिंग क्लब का सदस्य बनने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस क्लब का उद्देश्य देश भर में साइकिल प्रेमियों का एक ऐसा नेटवर्क तैयार करना है जो देश के कोने-कोने में स्वस्थ जीवन शैली की संस्कृति को बढ़ावा दे सके।
यूनिवर्सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर अर्श धालीवाल ने इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, "विश्व साइकिल दिवस २०२६ का यह सफल आयोजन सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली की छात्रों के समग्र विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय अभियानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसे प्रभावशाली प्रयासों के माध्यम से विश्वविद्यालय भविष्य में भी फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को आगे बढ़ाता रहेगा ताकि एक मजबूत और स्वस्थ भारत का निर्माण किया जा सके।"