पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत आज गांव भांखरपुर से विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने श्रद्धालुओं की दो बसों (49वीं एवं 50वीं) को श्री अमृतसर साहिब स्थित धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
उनके चेहरों पर खुशी, मन में श्रद्धा और वातावरण में आध्यात्मिक उमंग का अनूठा संगम दिखाई दिया। तीन दिवसीय इस तीर्थ यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर), श्री दुर्गियाना मंदिर, श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल, जलियांवाला बाग तथा अटारी-वाघा सीमा सहित अनेक धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करेंगे। विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को बिना किसी आर्थिक बोझ के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाना है।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा के लिए श्रद्धालुओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाता तथा उनके ठहरने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था पंजाब सरकार द्वारा की जाती है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्ति यात्रा के लिए पात्र हैं और राज्य सरकार इस जनकल्याणकारी योजना को सफलतापूर्वक संचालित कर रही है।