विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने शनिवार शाम भगवान महावीर सेतू से लेकर हरियाना रोड (म्यूनिसिपल लिमिट) तक स्ट्रीट लाइटें लगाने के कार्य का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है और इसी कड़ी के तहत 40 लाख रुपए की लागत से इस मार्ग पर 96 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
ब्रम शंकर जिम्पा ने कहा कि नगर निगम ने अपने मौजूदा कार्यकाल के दौरान शहर में स्ट्रीट लाइटों पर 10 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले अंधेरा रहता था, वहां अब रोशनी पहुंच चुकी है और शहर की सभी म्यूनिसिपल लिमिट को पूरी तरह रोशन करने का प्रयास सफलतापूर्वक किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और आने वाले समय में भी विकास कार्य इसी गति से जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बेहतर रोशनी से जहां लोगों को सुविधा मिलेगी, वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। शहरवासियों को आधुनिक और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इस मौके पर मेयर सुरिंदर कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, सुरेखा बड़जाता, सुखविंदर कौर, सतपाल, तीर्थ राम, मनी गोगिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।