पंजाब राज्य चुनाव आयोग द्वारा नगर निगमों और नगर काउंसिलों के चुनाव संबंधी जारी कार्यक्रम के अनुसार साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर जिले के अंतर्गत नगर निगम मोहाली तथा नगर काउंसिल खरड़, कुराली, नया गांव, जीरकपुर, डेराबस्सी, लालड़ू और बनूड़ के वार्डों में चुनाव करवाए जाएंगे। इसी संबंध में आज डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी श्रीमती कोमल मित्तल ने रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी-कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) सोनम चौधरी के साथ विस्तृत बैठक की।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार इन स्थानीय निकाय चुनावों के लिए 13 मई से 16 मई 2026 तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को की जाएगी तथा 19 मई तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 26 मई 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान होगा तथा 29 मई 2026 को मतगणना उपरांत परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला चुनाव अधिकारी ने आगे बताया कि नगर निगम मोहाली के वार्ड नंबर 1 से 25 के लिए नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी अमरिंदर सिंह मल्लही, अतिरिक्त मुख्य प्रशासक, गमाडा के कार्यालय में तथा वार्ड नंबर 26 से 50 के लिए रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती दमनदीप कौर, एस.डी.एम. मोहाली के कार्यालय में जमा करवाए जा सकते हैं। नगर काउंसिल खरड़ (27 वार्ड) के लिए नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी गुरमीत सिंह, एस.डी.एम. खरड़ की अदालत में लिए जाएंगे।
नगर काउंसिल डेराबस्सी (19 वार्ड) के लिए नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी अमित गुप्ता, एस.डी.एम. डेराबस्सी की अदालत में लिए जाएंगे। नगर काउंसिल बनूड़ (13 वार्ड) के लिए नामांकन पत्र तहसील कार्यालय बनूड़ में रिटर्निंग अधिकारी एस.डी.एम. डॉ. अंकिता कंसल के पास जमा करवाए जा सकते हैं। नगर काउंसिल कुराली (17 वार्ड) के लिए नामांकन पत्र नगर काउंसिल कार्यालय, कुराली में रिटर्निंग अधिकारी सुखविंदर सिंह, कार्यकारी इंजीनियर मंडी बोर्ड, के पास भरे जा सकते हैं।
नगर काउंसिल नया गांव (21 वार्ड) के लिए नामांकन पत्र नगर काउंसिल कार्यालय, नया गांव में रिटर्निंग अधिकारी महिकमीत सिंह, बी.डी.पी.ओ. खरड़, के पास भरे जा सकते हैं। नगर काउंसिल जीरकपुर (31 वार्ड) के लिए नामांकन पत्र नगर काउंसिल कार्यालय, जीरकपुर में रिटर्निंग अधिकारी बलजीत सिंह सोही, बी.डी.पी.ओ. डेराबस्सी, के पास भरे जा सकते हैं।
नगर काउंसिल लालड़ू (17 वार्ड) के लिए नामांकन पत्र नगर काउंसिल कार्यालय, लालड़ू में रिटर्निंग अधिकारी बीरकरण सिंह, तहसीलदार डेराबस्सी, के पास भरे जा सकते हैं। जिला चुनाव अधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों एवं समूह कार्यसाधक अधिकारियों से अपील की कि चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों द्वारा एनओसी मांगे जाने पर बिना किसी देरी के निर्धारित समय में एनओसी जारी की जाए ताकि किसी भी उम्मीदवार को चुनाव लड़ने में कोई कठिनाई न हो। यदि कोई उम्मीदवार एनओसी के स्थान पर शपथ पत्र प्रस्तुत करता है तो उसे भी स्वीकार किया जाए।
डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित एस.डी.एम. को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के पोलिंग बूथों का व्यक्तिगत रूप से दौरा करें तथा यदि किसी बूथ पर कोई कमी हो तो उसे तुरंत दूर करवाया जाए ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने एस.डी.एम./रिटर्निंग अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ न होने दी जाए तथा चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा जांच उपरांत उम्मीदवारों की सूची कार्यालयों में प्रदर्शित की जाए।उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त चुनाव स्टाफ के प्रशिक्षण, पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी, बैलेट बॉक्सों की सुरक्षित स्टोरेज तथा मतगणना केंद्रों की पहचान आदि सभी प्रक्रियाओं पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिला पुलिस की ओर से पहुंचे एस.पी. (एच) मोहित अग्रवाल तथा डी.एस.पी. (एच) वरिंदर सिंह खोसा को नामांकन प्रक्रिया, जांच आदि के दौरान तथा चुनाव बूथों एवं स्ट्रॉन्ग रूमों पर उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं संभावित उम्मीदवारों से आदर्श चुनाव आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील भी की ताकि अनावश्यक टकराव से बचा जा सके तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखी जा सके।