पंजाब सरकार की नशा विरोधी ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत पंजाब के बागबानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा आज स्थानीय बस्ती नौ से नशे के खिलाफ जागरूकता वाहन को रवाना किया गया। इस मौके पर संबोधन के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के तहत नशा मुक्ति मोर्चा द्वारा इस जागरूकता वाहन की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से दो दिनों में विधानसभा हलका वेस्ट के हर वार्ड में पहुंचकर लोगों को नशे की लानत के खिलाफ लामबंद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशे को जड़ से खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और इसी प्रतिबद्धता के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जहां बड़ी संख्या में नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा है, वहीं नशे की दलदल में फंसे युवाओं के पुनर्वास के लिए बड़े स्तर पर उपाय किए गए हैं।
श्री भगत ने कहा कि नशों के पूर्ण खात्मे के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाई गई मुहिम लोगों के सहयोग से लोक लहर बन रही है और इस अभिशाप के खात्मे के लिए लोग स्वयं आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जिसे समाज के प्रत्येक वर्ग के सहयोग से जड़ से खत्म किया जाएगा।
इस मौके पर ए.सी.पी. जालंधर वेस्ट आतिश भाटिया, नायब तहसीलदार गुरसिमरन सिंह, दोआबा इंचार्ज नशा मुक्ति मोर्चा अतीन अग्निहोत्री, संजीव भगत, संगठन इंचार्ज वेस्ट हरचरण सिंह संधू, काउंसलर हरजिंदर लाडा, वाइस प्रधान नशा मुक्ति मोर्चा शैंकी भगत, चाहत कौर, कुम कुम, नीरज शर्मा, मोनू भगत, कुलदीप भगत, वरुण सज्जन ब्लॉक प्रधान, जैरथ काका और इलाका वासी भी मौजूद थे।