कैबिनेट मंत्री पंजाब डा. रवजोत सिंह ने शुक्रवार जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में नगर कौंसिल हरियाना तथा नगर कौंसिल शाम चौरासी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण, गलियों के निर्माण, स्ट्रीट लाइटें लगाने, वाटर सप्लाई तथा सीवरेज से संबंधित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और जनहित को सर्वोपरि रखा जाए।
डा. रवजोत ने कहा कि हरियाना व शाम चौरासी के सौंदर्यीकरण को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरों की साफ-सफाई, सुंदरीकरण तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएं, ताकि लोगों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और शहरों की सुंदरता में और निखार आए।
इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) सुमित मुद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।