पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 4 मुकाबलों की सफल मेजबानी करते हुए इस बार कई मायनों में नई उपलब्धि हासिल की। सभी मैचों में स्टेडियम खचाखच भरा नजर आया और एक भी मुकाबले में दर्शकों की कमी नहीं दिखी। पीसीए द्वारा फैंस की सुविधाओं में किए गए सुधार और बेहतर मैनेजमेंट का असर साफ तौर पर देखने को मिला।
इसमें प्रेसिडेंट अमरजीत मेहता का रोल बेहद अहम रहा। दर्शकों को बेहतर अनुभव देने के प्रयासों ने स्टेडियम में उनकी मौजूदगी और उत्साह दोनों को बढ़ाया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी मुकाबले देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने भी सुविधाओं की सराहना की। इन मुकाबलों से पीसीए को रिकॉर्ड रेवेन्यू भी मिला।
जहां पहले कमाई 2-3 करोड़ रुपए के आसपास रहती थी, वहीं इस बार यह आंकड़ा करीब 8 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। पीसीए के प्रेसिडेंट अमरजीत मेहता ने इस सफलता का श्रेय फैंस को देते हुए कहा कि दर्शकों ने स्टेडियम में आकर न सिर्फ पीसीए का मान बढ़ाया, बल्कि टीम का हौसला भी बढ़ाया। उन्होंने इसे “पंजाब और पंजाबियत की जीत” बताया। उन्होंने कहा कि आगे भी पीसीए का फोकस सुविधाओं को बेहतर करने और पंजाब के क्रिकेट को नए स्तर पर ले जाने पर रहेगा।