हल्का विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने आज मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत ज़ीरकपुर के गांव नगला से श्रद्धालुओं की 25वीं बस को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना हमारे बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर प्रदान करती है, जो कि भगवंत सिंह मान सरकार की एक सराहनीय पहल है।
उन्होंने बताया कि तीन दिनों की इस यात्रा के दौरान संगतों को दरबार साहिब, दुर्गियाना मंदिर, वाल्मीकि तीर्थ स्थल के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके अलावा उन्हें अन्य ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थानों जैसे जलियांवाला बाग और वाघा सीमा भी दिखाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान जहां आपसी भाईचारा मजबूत होगा, वहीं कई श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा की इच्छा भी पूरी होगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और मन में श्रद्धा के साथ यात्रा के लिए रवाना होना हमारे लिए गर्व की बात है।
इस प्रकार की पहलें समाज में आध्यात्मिकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करती हैं। विधायक रंधावा ने यह भी बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना निरंतर जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें।
इस मौके पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।