अमृतसर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती जीवनजोत कौर ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में एक बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्री रोहित गुप्ता, एस.ई. श्री संदीप सिंह सहित नगर सुधार ट्रस्ट, लोक निर्माण विभाग, पावरकॉम और नेशनल हाईवे के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान विधायक जीवनजोत कौर ने विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चल रहे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इनका लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से वार्ड नंबर 21 और 28 में चल रहे सीवरेज और पेयजल आपूर्ति से संबंधित प्रोजेक्टों को बिना किसी देरी के पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को दाबुर्जी क्षेत्र में सीवरेज कार्य में तेजी लाने और इसकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से साझा करने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्वी क्षेत्र में स्थित गंदे नाले की सफाई का कार्य मानसून सीजन शुरू होने से पहले पूरा किया जाए।
विधायक जीवनजोत कौर ने यह भी निर्देश दिए कि पूर्वी क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य शुरू करने से पहले उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि परियोजनाओं को जनहित में और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। उन्होंने बस स्टैंड के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने पर भी जोर दिया, ताकि शहरवासियों और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने फोकल प्वाइंट और सिटी सेंटर में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने नगर सुधार ट्रस्ट के अधिकारियों को उनके अधीन चल रहे प्रोजेक्टों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने पूर्वी क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की।
बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह और नगर निगम कमिश्नर श्री बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने विधायक को आश्वासन दिया कि पूर्वी क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यों की स्वयं निगरानी करें और गुणवत्ता सुनिश्चित करें।