पंजाब सरकार के शिक्षा क्रांति अभियान के अंतर्गत आज विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने सरकारी एलिमेंट्री स्कूल बजवाड़ा में 7.50 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए नए क्लास रूमों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों की हालत सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक जिम्पा ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना पंजाब सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य के तहत स्कूलों में नए कमरे, आधुनिक सुविधाएं, साफ-सुथरा वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा रही है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे ये सुधार आने वाले समय में राज्य के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी स्कूलों में सुविधाओं की कमी के कारण अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजने के लिए मजबूर होते थे, लेकिन अब पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों को आधुनिक और सुविधायुक्त बना रही है, जिससे लोगों का भरोसा सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा में निवेश करना भविष्य में निवेश करने के समान है और राज्य सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ और स्थानीय निवासियों ने विधायक ब्रम शंकर जिम्पा का धन्यवाद करते हुए कहा कि नए क्लास रूम बनने से विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना भी की। कार्यक्रम के दौरान उप जिला शिक्षा अधिकारी अमनदीप शर्मा, सरपंच राजेश कुमार बब्बू के अलावा विभाग के अधिकारी, एसएमसी सदस्य, अध्यापकगण, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।