“शानदार चार साल भगवंत सिंह मान के साथ” के नारे के तहत पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से विधायक कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा ज़ीरकपुर के वार्ड नंबर 5, 16 और 21 में विशेष बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, महिलाएं और युवा शामिल हुए।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने पिछले चार वर्षों में ऐतिहासिक फैसले लेकर लोगों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के जीवन को आसान बनाना है।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार ने चार वर्षों में जनता से किए वादों को पूरा करने की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं।
पंजाब के लोगों के लिए 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य गारंटी, महिलाओं को सम्मान स्वरूप 1000 और 1500 रुपये देने के वादे, स्कूल ऑफ एमिनेंस के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आम आदमी क्लीनिकों के जरिए मुफ्त इलाज जैसी योजनाएं लागू की गई हैं।उन्होंने आगे बताया कि राज्य के लगभग 90 प्रतिशत घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 600 यूनिट तक सब्सिडी के साथ शून्य बिल मिल रहा है। इसके अलावा सरकार द्वारा 65,000 से अधिक युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत 90,000 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। सड़कों के विकास पर विशेष ध्यान देते हुए लगभग 45,000 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि 50 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई है, जो उनके सम्मान का प्रतीक है। इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों को 2 किलो दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और 1 किलो सरसों का तेल उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उनके घरों के चूल्हे जलते रहें।
किसानों के हितों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार पंजाब में दिन के समय खेती के लिए बिजली दी जा रही है। इसके अलावा नहर प्रणाली को मजबूत कर लगभग 80 प्रतिशत खेतों तक नहरी पानी पहुंचाया जा रहा है, जिससे भूजल का उपयोग कम होगा और जल स्तर में सुधार आएगा।विधायक रंधावा ने बताया कि ज़ीरकपुर के वार्ड नंबर 5, 16 और 21 में सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हर घर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
बैठकों के दौरान लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि हर समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने क्षेत्र के विकास में सहयोग दें। इस अवसर पर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और विधायक कुलजीत सिंह रंधावा का धन्यवाद किया।