पंजाब की विकास गति को तेज करने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से दुबई इंटरनेशनल बिजनेस द्वारा सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली में ‘राइजिंग पंजाब समिट’ का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन में शिक्षा, कृषि, खेल, राजनीति, धर्म और स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि गुरमीत सिंह खुडिया पंजाब कैबिनेट मंत्री, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी विकास ने अपने संबोधन में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया और पशुपालन जैसे सहायक व्यवसायों को पंजाब की प्रगति का प्रमुख आधार बताया। पूर्व सांसद एवं प्रसिद्ध गायक हंस राज हंस ने भी अपने विचार साझा करते हुए सामाजिक चेतना में कला और संगीत की भूमिका पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में भाई हरपाल सिंह (हेड ग्रंथी, श्री फतेहगढ़ साहिब), ज्ञानी हरप्रीत सिंह , करतार सिंह , गुरप्रीत घुग्गी , डॉ रमन दीप कौर , रणदीप सिंह , गिल रौंता तथा जरनैल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने पंजाब के सामाजिक-आर्थिक ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और नवीन विचारों की आवश्यकता पर चर्चा की।
अंतरराष्ट्रीय “फादर ऑफ एजुकेशन” सम्मान से सम्मानित सीजीसी यूनिवर्सिटी के संस्थापक चांसलर रशपाल सिंह धालीवाल ने कहा कि शिक्षा एक प्रगतिशील समाज की नींव है। ऐसे मंच विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों के नेताओं से जोड़कर उनमें पंजाब की उन्नति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
मैनेजिंग डायरेक्टर अर्श धालीवाल ने कहा कि पंजाब में हर क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। ‘राइजिंग पंजाब समिट’ के माध्यम से सार्थक संवाद की शुरुआत करना हमारा उद्देश्य है, जो युवाओं और समाज के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।