डिप्टी कमिश्नर श्रीमती कोमल मित्तल द्वारा आज जे.आर.ई.डब्ल्यू फाउंडेशन की ओर से मोहाली और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए भेंट की गई ‘कम्युनिटी फ्यूनरल वैन सेवा’ की शुरुआत की गई। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने औपचारिक रूप से वैन की चाबी श्मशान घाट के पंडित जी को देकर इस वैन को रवाना किया।
समारोह में फाउंडेशन के निदेशकों तथा जे.आर.ई.डब्ल्यू इंजीनियरिंग लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर ने जे.आर.ई.डब्ल्यू फाउंडेशन का धन्यवाद किया, जिन्होंने बलौंगी श्मशान घाट के लिए फ्यूनरल वैन दान की है।
उन्होंने कहा कि यह सेवा किसी भी व्यक्ति के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ ले जाने में अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि बलौंगी श्मशान घाट के पास पहले केवल छोटी गाड़ियां थीं, बड़ी गाड़ी उपलब्ध नहीं थी, इसलिए वे फाउंडेशन के इस परोपकारी कार्य के लिए अत्यंत आभारी हैं।
इस अवसर पर जे.आर.ई.डब्ल्यू फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती विनीता ग्रोवर ने बताया कि वैन को बलौंगी स्थित श्मशान घाट में तैनात किया गया है और इस सेवा के लिए फाउंडेशन द्वारा एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। यह सेवा मात्र 500 रुपये की नाममात्र फीस पर उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे शोकग्रस्त परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
फाउंडेशन द्वारा भेंट की गई यह फ्यूनरल वैन सरकारी अस्पताल, फेज-6, मोहाली के साथ सहमति पत्र (एम ओ यू) के तहत संचालित की जाएगी। इस व्यवस्था के अनुसार अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर के परिवहन हेतु यह वैन हर जरूरतमंद परिवार को उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी जा सके। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर और सरकारी अस्पताल फेज-6 का सहयोग के लिए धन्यवाद भी प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि जे.आर.ई.डब्ल्यू फाउंडेशन की यह फ्यूनरल वैन सेवा स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक कल्याण के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में फाउंडेशन ने बलौंगी, मोहाली के एक सरकारी स्कूल को गोद लेकर लड़कियों के लिए अलग शौचालयों का निर्माण, खेल कक्ष की स्थापना और कक्षाओं के उन्नयन जैसे परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी की हैं।
इस अवसर पर श्री राम रतन अग्रवाल, चेयरमैन, जे.आर.ई.डब्ल्यू इंजीनियरिंग लिमिटेड, श्रीमती विनीता ग्रोवर, श्री रोहित ग्रोवर, निदेशक, जे.आर.ई.डब्ल्यू फाउंडेशन, श्री राघव ग्रोवर तथा श्री राजीव चावला, निदेशक, जे.आर.ई.डब्ल्यू इंजीनियरिंग लिमिटेड उपस्थित थे।