पंजाब मंडी बोर्ड, मोहाली के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से नव वर्ष के आगमन की खुशी में और मंडी बोर्ड की चढ़दीकला के लिये हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री अखंड पाठ साहिब रखवाये गये। 3 जनवरी से रखे गए श्री अखंड पाठ साहिब के भोग आज पंजाब मंडी बोर्ड के मुख्यालय में डाले गये। इस अवसर पर भाई बलविंदर सिंह कथा वाचक गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब पातशाही दसवीं आलमगीर साहिब, लुधियाना की ओर से कथा की गई।
भाई इच्छपाल सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब, श्री अमृतसर साहिब द्वारा कीर्तन करके संगत को निहाल किया गया। इस अवसर पर पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट ने समूह संगत को नये साल की बधाई दी और सब की खुशहाली की अरदास की। उन्होंने कहा कि नया वर्ष 2026 खुशियां, अमन और समृद्धि लेकर आये।
उन्होंने राज्य और किसानों के सर्वपक्षीय विकास और समृद्धि के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सदैव यत्नशील रहने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को गुरु साहिबान के दिखाये मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद श्रद्धालुओं के बीच गुरु का लंगर अटूट बरताया गया। इस अवसर पर पंजाब मंडी बोर्ड के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।