पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़ के गणित विभाग द्वारा आज रियल एनालिसिस और ग्रुप थ्योरी विषयों पर छह दिवसीय टीचर्स एनरिचमेंट वर्कशॉप (टीईडब्ल्यू) का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह महत्वपूर्ण आयोजन नेशनल सेंटर फॉर मैथमेटिक्स आईआईटी बॉम्बे और टीआईऍफ़आर मुंबई का संयुक्त केंद्र के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में विभागाध्यक्ष एवं कन्वीनर प्रो. आशा गुप्ता, डॉ. रत्तन लाल और डॉ. अंकित कुमार ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। यह वर्कशॉप पेक के माननीय निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया के पैटर्नशिप में संचालित की जा रही है। गणित के प्रतिष्ठित विद्वान डॉ. सुरिंदर पाल सिंह कंथ (पीयू, चंडीगढ़) भी पहले दिन वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
इस कार्यशाला का उद्देश्य कॉलेज स्तर पर गणित पढ़ाने वाले शिक्षकों को रियल एनालिसिस और ग्रुप थ्योरी की मूलभूत एवं उन्नत अवधारणाओं का व्यवस्थित और गहन अध्ययन प्रदान करना है। छह दिनों तक चलने वाली इस शैक्षणिक पहल में प्रतिभागियों को लिमिट्स, कंटीन्यूटी, डिफरेंशिएबिलिटी, सीक्वेंस और सीरीज़ की कनवर्जेन्स जैसे उन्नत विषयों पर विशेष व्याख्यान दिए जाएंगे। साथ ही, ग्रुप थ्योरी के आधारभूत सिद्धांतों, इसकी संरचनाओं, गुणों तथा गणितीय प्रूफ के तार्किक ढाँचों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन मिलेगा।
कार्यशाला में डिस्कशन सेशन, ट्यूटोरियल सेशन, तथा इंटरैक्टिव प्रॉब्लम-सॉल्विंग सेशन शामिल हैं, जिनमें प्रतिभागी विशेषज्ञों से सीधे संवाद स्थापित कर सकते हैं, अपने संदेहों का समाधान पा सकते हैं और गणितीय अवधारणाओं की स्पष्टता को और सुदृढ़ कर सकते हैं। यह कार्यशाला शिक्षकों को न केवल विषय ज्ञान प्रदान करेगी बल्कि उन्हें अमूर्त गणित की प्रकृति और तर्कसंगत विचार प्रक्रिया को सरल ढंग से समझाने की नई विधियाँ भी सिखाएगी।
आगामी दिनों में इस कार्यशाला में देशभर के प्रतिष्ठित वक्ता प्रो. दिनेश खुराना (पीयू, चंडीगढ़), डॉ. वरधराज रवि श्रीनिवासन (IISER, मोहाली), डॉ. सुरिंदर पाल सिंह कंथ (पीयू, चंडीगढ़) और डॉ. सौरभ वर्मा (आईआईआईटी, इलाहाबाद) अपने विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। इन विद्वानों का ज्ञान, अनुभव और शोध-आधारित दृष्टिकोण प्रतिभागियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।