रयात बाहरा डेंटल कॉलेज एंड अस्पताल(आरबीडीसीएच) तथा रयात बाहरा यूनिवर्सिटी के एनएसएस क्लब की ओर से रोटरी क्लब, चंडीगढ़ के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में यूनिवर्सिटी और आरबीडीसीएच के छात्रों, फैकल्टी और स्टाफ सहित 80 से अधिक दानदाताओं ने रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी सेवा भावना का परिचय दिया।
यह शिविर रयात बाहरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (आरबीजीआई) के चेयरमैन गुरविंदर सिंह बाहरा की सरपरस्ती में लगाया गया। शिविर का उद्घाटन ग्रुप वाइस-चांसलर प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का धन्यवाद करते हुए आयोजकों और डॉक्टरों की टीम की प्रशंसा की तथा रोटरी क्लब ब्लड बैंक टीम के प्रमुख डॉक्टर और सदस्यों को सम्मानित भी किया।
आरबीडीसीएच के प्रिंसिपल डॉ. अक्षय कुमार शर्मा और डीन अकादमिक डॉ. नीना मेहता ने कहा कि संस्थान समय-समय पर इस प्रकार के प्रभावशाली आयोजनों के माध्यम से समाजिक जिम्मेदारी निभाता आ रहा है। उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान को जीवन बचाने का सबसे बड़ा मानवीय कार्य बताया।