स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, समाज कल्याण एवं शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू ने श्रीनगर के ईदगाह निर्वाचन क्षेत्र का व्यापक दौरा किया और निर्वाचन क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के अलावा स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों का भी निरीक्षण किया। अपने दौरे के दौरान, मंत्री ने हामिदी कश्मीरी स्मारक, सरकारी डिग्री कॉलेज ईदगाह का दौरा किया और संस्थान में शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया।
उन्होंने कॉलेज भवन में चल रहे कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर, मंत्री ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि भवन को जनता के उपयोग के लिए समर्पित किया जा सके। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को कॉलेज परिसर का शीघ्र सीमांकन करने के भी निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द चारदीवारी का निर्माण किया जा सके।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, मंत्री महोदया ने इस बात पर प्रकाश डाला कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों को सर्वोच्च महत्व दे रहे हैं क्योंकि ये किसी भी विकसित समाज का मूल आधार होते हैं। उन्होंने जन-केंद्रित शासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और इस बात पर ज़ोर दिया कि वर्तमान सरकार जनता की है और जनता के लिए है तथा जनता की सभी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बाद में, मंत्री महोदया ने लड़कों के मिडल स्कूल नूरबाग, लघु प्रसूति केंद्र नूरबाग, शहरी जन स्वास्थ्य केंद्र पलपोरा और लड़कों के सरकारी हायर सकैंडरी स्कूल तकनवारी पोरा का भी दौरा किया। बीएमएस नूरबाग में, मंत्री महोदया ने शिक्षण सुविधाओं, कक्षाओं की स्थिति और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लेते हुए स्कूल परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।
उन्होंने शिक्षकों और छात्रों से भी बातचीत की। उन्होंने शिक्षक समुदाय से बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने और स्कूल में बच्चों के लिए सीखने के माहौल को बेहतर बनाने का आह्वान किया। बाद में, लघु प्रसूति केंद्र नूरबाग का दौरा करते हुए, मंत्री महोदया ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया।
उन्होंने केंद्र के चिकित्सा कर्मचारियों से बातचीत की और स्वास्थ्य संस्थान में सुविधाओं, कर्मचारियों की संख्या और दवाओं की उपलब्धता का मूल्यांकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं के समय पर उन्नयन पर जोर दिया ताकि निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी तय किए बिना गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्राप्त हो सकें।
लघु प्रसूति केंद्र के दौरे के दौरान, मंत्री महोदया ने एक जन संवाद बैठक भी की और समुदाय के विभिन्न स्थानीय मुद्दों और समस्याओं का जायजा लिया। सभा को संबोधित करते हुए, मंत्री महोदया ने कहा कि जनता ने स्पष्ट जनादेश के साथ मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में एक पूर्ण बहुमत वाली सरकार चुनी है।
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि सार्वजनिक सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई पहल की गई हैं। लोगों के लाभ के लिए बेहतर पहुँच सुनिश्चित करना और सुविधाओं का उन्नयन करना षामिल है। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि सभी वास्तविक मुद्दों और समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
गवर्नमेंट बॉयज़ हाई स्कूल तकनवारीपोरा में, मंत्री ने स्थानीय आबादी की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक सुधार लाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि हाल के महीनों में सरकार ने जम्मू-कश्मीर के कोने-कोने में चिकित्सा बुनियादी ढाँचे का उन्नयन किया है।
मंत्री ने आगे कहा कि हाल के महीनों में, विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के उन्नयन के लिए 700 से अधिक चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। नशीली दवाओं के खतरे के ज्वलंत मुद्दे पर बोलते हुए, मंत्री ने स्कूल अधिकारियों से इस खतरे से निपटने के लिए स्कूल परिसर के आसपास उचित निगरानी बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस बढ़ती सामाजिक समस्या पर काबू पाना हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए। मंत्री ने जनता के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन को भी आश्वासन दिया कि उठाए गए मुद्दों और चिंताओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक ईदगाह मुबारक गुल, समाज कल्याण निदेशक कश्मीर, स्कूल शिक्षा निदेशक कश्मीर, स्वास्थ्य सेवा निदेशक कश्मीर, कॉलेज निदेशक, एडीसी श्रीनगर, एसई आरएंडबी और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।